







Thar पोस्ट। राजस्थान में एक बार फिर मौसम बदलेगा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के जयपुर केंद्र ने 27 अगस्त से राज्य में मौसम का मिजाज बदलने का पूर्वानुमान जारी किया है। पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से राजस्थान में मानसूनी हवाएं एक बार फिर सक्रिय हो रही हैं। इसके असर से झालावाड़, बारां, कोटा, चित्तौड़गढ़, बांसवाड़ा और डूंगरपुर में कहीं-कहीं भारी बारिश देखने को मिल सकती है।
राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बारिश का दौर थमने के कारण तापमान में बढ़ोतरी हुई थी और लोगों को उमस व गर्मी का सामना करना पड़ रहा था। अब नए मौसम तंत्र के सक्रिय होने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। 27 अगस्त को कोटा, उदयपुर, भरतपुर और जयपुर संभाग के कई जिलों में मेघगर्जन के साथ बारिश हो सकती है। पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में वज्रपात और तेज हवाएं चलने की आशंका को देखते हुए यलो अलर्ट भी जारी किया गया है।
