ताजा खबरे
IMG 20260813 223541 scaled मुख्यमंत्री के दौरे से पहले कांग्रेस ने विभिन्न समस्याओं को रखा Rajasthan News Portal बीकानेर अपडेट
Share This News

Thar पोस्ट न्यूज। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के बीकानेर आगमन से पहले कांग्रेस नेताओं ने जिले और शहर की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को लेकर सरकार से ठोस घोषणाएं करने की मांग की है। अध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने मुख्यमंत्री से बीकानेर के विकास के लिए ’’एक हजार करोड़ रुपये का विशेष पैकेज’’ देने की घोषणा करने का आग्रह किया। वहीं मदनगोपाल मेघवाल ने बीकानेर शहर की सड़क, पानी, बिजली, चिकित्सा, सफाई, कानून व्यवस्था और यातायात सहित विभिन्न समस्याओं को लेकर सरकार पर सवाल उठाए।

बिशनाराम सियाग ने कहा कि बीडीए के अधीन करीब 40 हजार बीघा गोचर भूमि, जिसमें 188 खसरों का उल्लेख है, उसे वापस राजस्व रिकॉर्ड में गोचर भूमि के रूप में दर्ज किया जाए। उन्होंने पूरे राजस्थान में खेजड़ी के पेड़ों की कटाई पर पूर्ण रोक लगाने के लिए कठोर खेजड़ी बचाओ एक्ट बनाने की मांग की।

बीकानेर ग्रामीण क्षेत्र के जीर्ण-शीर्ण उपस्वास्थ्य केंद्रों के जीर्णाेद्धार के लिए बजट देने, स्वास्थ्य केंद्रों पर पर्याप्त दवाइयां उपलब्ध करवाने तथा नोखा में जिला अस्पताल और श्रीडूंगरगढ़ में ट्रॉमा सेंटर शुरू करने की मांग की। उन्होंने जिले के अस्पतालों में चिकित्सकों की कमी दूर करने तथा पीबीएम अस्पताल के लिए 200 करोड़ रुपये की घोषणा करने की मांग की, जिससे यूरोलॉजी, एसएसबी, एमसीएच और जनाना वार्ड का जीर्णाेद्धार हो सके। इसके अलावा हार्ट हॉस्पिटल में बाईपास सर्जरी की सुविधा शुरू करने तथा पीबीएम में दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की।

सियाग ने खाद-बीज में भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच, यूरिया-डीएपी एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता, किसानों को फसल बीमा क्लेम दिलाने और नहरी किसानों के लिए पर्याप्त पानी की व्यवस्था करने की मांग की। उन्होंने कातरा लट से फसलों को हुए नुकसान का मुआवजा देने की भी मांग की। लक्ष्मणगढ़-बीकानेर फोरलेन की घोषणा करने की मांग भी रखी गई।

शहर अध्यक्ष मदनगोपाल मेघवाल ने मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान शहर में होने वाली व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि 2023 में प्रधानमंत्री के दौरे के समय बैरिकेडिंग के लिए खोदे गए गड्ढों को मुख्यमंत्री के दौरे से पहले खानापूर्ति के तौर पर भरा जा रहा है।

मेघवाल ने बीकेईएसएल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि एमओयू के अनुसार मेंटेनेंस नहीं होने, ट्रांसफॉर्मरों की तारबंदी नहीं होने, वीसीआर के नाम पर आमजन में भय की स्थिति, बिजली कटौती और नए मीटरों से जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि एफआरटी टीमों की संख्या 30 से घटाकर चार किए जाने से बिजली के फॉल्ट समय पर ठीक नहीं हो पा रहे हैं।

उन्होंने गंगाशहर और मुक्ताप्रसाद कॉलोनी की सीएचसी में स्टाफ, उपकरण और संसाधनों की कमी तथा पीबीएम अस्पताल में जांच, दवाइयों, इंजेक्शन, कैनूला, गौज, पट्टी और ग्लव्ज की कमी का आरोप लगाया। अस्पतालों में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर करने की मांग भी की।

कानून व्यवस्था चित

मेघवाल ने कहा कि बीकानेर जैसे शांत क्षेत्र में चोरी, लूट, बलात्कार और छीनाझपटी जैसी घटनाओं को लेकर आमजन चिंतित है। उन्होंने युवाओं में बढ़ते नशे के प्रभाव और स्मैक, चिट्टा, शराब सहित नशीले पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की। हालांकि उन्होंने पुलिस अधीक्षक द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ से आमजन को उम्मीद बंधने की बात कही।

इसके अलावा बीडीए कार्यालय को शहर से दूर जोहड़-बीड़ क्षेत्र में ले जाने की योजना पर पुनर्विचार करने, टूटी सड़कों, नालियों और सीवरेज व्यवस्था में सुधार करने तथा टेक्नोक्राफ्ट कंपनी की कार्यप्रणाली की समीक्षा करने की मांग उठाई।

प्रेसवार्ता के दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष यशपाल गहलोत, प्रहलादसिंह मार्शल,रमजान कच्छावा, आनन्दसिंह सोढ़ा, सुभाष स्वामी, सांवरलाल भादू, राहुल जादुसंगत, कामेश्वरप्रताप सिंह सहित अनेक कांग्रेसजन मौजूद रहें।


Share This News