






Thar पोस्ट न्यूज। राजस्थान में 10 अगस्त की रात से बस ऑपरेटर्स ने हड़ताल पर जाने का निर्णय किया है, ऐसे में 10 अगस्त की रात 12 बजे के बाद से प्रदेशभर में बस नहीं चलेगी। बसों में यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। प्रदेशभर में आज रात से सभी प्राइवेट बसों में बुकिंग बंद कर दी गई है। बस ऑपरेटर्स का कहना है कि उनकी मांगों और समस्याओं पर सुनवाई नहीं होने के कारण यह कदम उठाना पड़ा है।रविवार को जयपुर के एक निजी होटल में प्रदेशभर के बस ऑपरेटर्स और विभिन्न बस संगठनों की बैठक हुई, जिसमें परिवहन विभाग की कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताते हुए सर्वसम्मति से हड़ताल का फैसला लिया गया। बस ऑपरेटरों के अनुसार, 10 अगस्त की रात से प्रदेशभर में बसों का संचालन अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया जाएगा। इसके साथ ही सभी बसों की ऑनलाइन बुकिंग भी बंद रखने का निर्णय लिया गया है। बस व्यवसाय से जुड़े संचालकों के खिलाफ परिवहन विभाग की ओर से की जा रही कार्रवाई को लेकर ऑपरेटरों में नाराजगी है। बैठक में प्रदेशभर के बस संगठनों, बस मालिकों और ऑपरेटरों ने इस मुद्दे पर चर्चा की और एकजुट होकर आंदोलन करने का फैसला लिया।

