







Thar पोस्ट न्यूज। बीकानेर में जासूसी के आरोप में अनेक लोग पहले भी गिरफ्तार किए जा चुके है। बीकानेर में भारत-पाक सीमा से सटे बज्जू क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। युवक पर आरोप है कि उसने पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध नेटवर्क को सिम कार्ड उपलब्ध करवाने में भूमिका निभाई।


मामले के सामने आने के बाद खुफिया और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। एटीएस बीकानेर से मिले गोपनीय इनपुट के बाद बज्जू पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गौड़ू निवासी अनिल कुमार विश्नोई को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उपलब्ध करवाई गई सिम का संबंध पाकिस्तान के चर्चित डॉन शहजाद भट्टी के नेटवर्क से जुड़े एक व्यक्ति तक पहुंच सकता है। हालांकि, पुलिस अभी पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। जांच एजेंसियां यह पता लगा रही हैं कि आरोपी का संपर्क किन लोगों से था और संबंधित सिम कार्ड का उपयोग किन गतिविधियों में किया गया जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई को सीमावर्ती इलाके में संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
