







Thar पोस्ट न्यूज। राजस्थान के चूरू जिले के तारानगर कस्बे में हुई चोरी से हड़कंप मकहा हुआ है। यहां करीब 1200 वर्ष पुराने ऐतिहासिक जैन मंदिर में चोरी हुई है। चोर मंदिर के गर्भगृह में स्थापित 17 प्राचीन प्रतिमाओं में से 13 बेशकीमती अष्टधातु प्रतिमाएं चोरी कर ले गए। जब पुजारी नियमित पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो गर्भगृह से प्रतिमाएं गायब देखकर उन्होंने तुरंत मंदिर प्रबंधन और पुलिस को सूचना दी।

चोरों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। मंदिर परिसर के तीन अलग-अलग स्थानों पर लगे ताले टूटे मिले। मौके से एक गैस कटर और रेवाड़ी का एक ट्रेन टिकट भी बरामद हुआ है, जिसे पुलिस महत्वपूर्ण सुराग मानकर जांच कर रही है। आशंका है कि चोर देर रात मंदिर में घुसे और गर्भगृह तक पहुंचकर प्राचीन प्रतिमाएं चोरी कर फरार हो गए।
चोरी हुई प्रतिमाएं अष्टधातु से निर्मित हैं और उनका ऐतिहासिक व धार्मिक महत्व बेहद महत्वपूर्ण है। इनकी अनुमानित कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद जैन समाज में भारी आक्रोश है और लोगों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी तथा प्रतिमाओं की बरामदगी की मांग की है।
