Thar पोस्ट, न्यूज बीकानेर। भारतीय प्रौढ़ शिक्षा संघ, नई दिल्ली (राजस्थान ब्रांच) के तत्वावधान में संत सांईनाथ पब्लिक स्कूल, श्रीरामसर रोड, बीकानेर के सहयोग से 21 दिवसीय समर कैंप का समापन समारोह रविवार सायं उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। समारोह में विभिन्न गतिविधियों में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाला प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार राजेन्द्र जोशी ने की। मुख्य अतिथि पुलिस उपाधीक्षक मुकेश आचार्य तथा विशिष्ट अतिथि शिक्षा विभाग के पूर्व संयुक्त निदेशक, एवं ‘शिविरा’ पत्रिका के संपादक रहे ओमप्रकाश सारस्वत थे।
प्रारम्भ में अतिथियों का स्वागत, अभिनंदन करते हुए
राजस्थानी भाषा के शोधार्थी डाॅ.नमामीशंकर आचार्य ने बताया कि समर कैंप के दौरान चित्रकला, संगीत, आर्ट एंड क्राफ्ट, ए.आई., वाद्य यंत्र, क्रिकेट, योग, पाग-पगड़ी, हेयर स्टाइलिंग, मेहंदी तथा डांस सहित विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण दिया गया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में राजेन्द्र जोशी ने कहा कि साहित्य, कला और संस्कृति मनुष्य के व्यक्तित्व को संवेदनशील बनाती हैं।
मुख्य अतिथि मुकेश आचार्य ने कहा कि समर कैंप बच्चों के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन एवं आत्मविश्वास निर्माण के प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ रचनात्मक गतिविधियां बच्चों को जीवन में नई दिशा प्रदान करती हैं तथा उन्हें समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देती हैं।
विशिष्ट अतिथि ओमप्रकाश सारस्वत ने कहा कि आज के समय में केवल पाठ्यपुस्तकीय ज्ञान पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों को कला, संस्कृति, तकनीक और जीवनोपयोगी कौशलों से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने भारतीय प्रौढ़ शिक्षा संघ एवं विद्यालय द्वारा आयोजित इस अभिनव प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम शिक्षा को अधिक सार्थक एवं उपयोगी बनाते हैं।
इक्कीस दिवसीय समर केप में ग्रामीण-शहरी विधार्थियो को चित्रकला योगेन्द्र पुरोहित ,संगीत मूलचन्द सोनी, आर्ट एंड क्राफ्ट, श्रीवल्लभ पुरोहित, एआई गोविंद रामावत, वाद्य यंत्र निर्मल पंडित, क्रिकेट, जगदीश नारायण ओझा, नितेश पुरोहित, योगा मुकुन्द बोहरा ,पाग पगड़ी कपिल गुप्ता, हेयर स्टाइलिस्ट अंशु शर्मा, मेहंदी, अंशु शर्मा डांस, गुंजन गिरी ने इक्कीस दिन तक बच्चों को प्रशिक्षित किया ।
समारोह में विभिन्न गतिविधियों के प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों का सम्मान किया गया तथा विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का संचालन भावना ने प्रभावी ढंग से किया गया तथा अंत में सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों एवं प्रतिभागियों का आभार कार्यक्रम प्रभारी भवानीशंकर आचार्य ने व्यक्त किया गया।