Thar पोस्ट। बीकानेर जिले में लूणकरणसर उपखंड कार्यालय के सामने राजस्थान रोडवेज और लोक परिवहन बस स्टाफ के बीच तनातनी व जूतमपैजार का मामला सामने आया है, वीडियो भी तेजी से वायरल हुआ है। करीब 20 मिनट तक चले विवाद के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मामला बढ़ने पर दोनों पक्ष लूणकरणसर थाने पहुंचे।
यह आरोप है कि गंगानगर डिपो की बीकानेर-गंगानगर रोडवेज बस पर सवारियों को लेकर विवाद के दौरान कुल्हाड़ी से हमला किया गया। रोडवेज चालक कुलदीप सिंह पर जानलेवा हमले की कोशिश का आरोप लोक परिवहन से जुड़े जमीदार बस के ठेकेदार लक्ष्मण सिंह पर लगा है।
मिली जानकारी के अनुसार आरोपियों ने चालक और परिचालक के साथ मारपीट की तथा बस को लेकर फरार हो गए। घटना के बाद रोडवेज बस के चालक और परिचालक लूणकरणसर थाने पहुंचे और बस खड़ी कर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई।
सवारियों और बसों की टाइमिंग को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से प्रतिस्पर्धा चल रही है, जो अब खुले टकराव में बदल गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।