Thar पोस्ट। सूबे की राजधानी जयपुर में 24 घण्टे इंटरनेट सेवाएं बन्द रहेगी। जयपुर विकास प्राधिकरण के जरिए सूचना जारी की गई है. 40 जगहों पर इंटरनेट सेवाओं पर 24 घंटे तक के लिए रोक लगाई है , जिसमें गलता गेट, माणक चौक, सुभाष चौक, आदर्श नगर, ब्रह्मपुरी, नाहरगढ़, कोतवाली, जलूपुरा, संजय सर्किल सहित कई अन्य स्थान शामिल है. इंटरनेट बंदी के आदेश जयपुर के संभागीय आयुक्त वी. सरवन कुमार ने रविवार को जारी किए है.
जानकारी के मुताबिक जयपुर विकास प्राधिकरण के जरिए जिले में 8 जून को एक बड़ी अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई होने वाली है, जिसे लेकर पहले से कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है. जिसके चलते इंटरनेट सेवाओं को अस्थाई रूप से पूरी तरह बंद (Internet Shutdown) कर दिया गया है.
प्रशासन को आशंका है कि अतिक्रमण हटाने की इस बड़ी कार्रवाई के दौरान कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और इंटरनेट आधारित सेवाओं का दुरुपयोग कर सकते हैं. इसी वजह से इंटरनेट के जरिए भ्रामक अफवाहों के प्रसार और सार्वजनिक शांति भंग होने के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने यह सख्त निर्णय लिया है.
कब से कब तक बंद रहेगा इंटरनेट?
जयपुर कमिश्नरेट के चिन्हित इलाकों में 7 जून की रात 12 बजे से लेकर 8 जूनकी रात 12 बजे तक यानी पूरे 24 घंटे के लिए मोबाइल इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह से निलंबित रहेंगी.इस दौरान 2G, 3G, 4G और 5G मोबाइल इंटरनेट कनेक्टिविटी पूरी तरह ठप रहेगी. हालांकि वॉयस कॉल सेवाएं पूर्ववत संचालित रहेंगी.
यह पाबंदी पुलिस आयुक्तालय जयपुर के अधीन आने वाले गलता गेट, माणक चौक, सुभाष चौक, आदर्श नगर, ब्रह्मपुरी, नाहरगढ़, कोतवाली, जलूपुरा, संजय सर्किल, शास्त्रीनगर, भट्टा बस्ती, विद्याधर नगर, जयसिंहपुरा खोर, बनीपार्क, कानोता, तूंगा, आंधी, जमवारामगढ़, सामोद, रायसर, गोविंदगढ़, चंदवाजी, शाहपुरा, अचरोल, विराटनगर, पावटा, प्रागपुरा, मनोहरपुर, भाबरू, कालाडेरा, चौमूं, हरमाड़, झोटवाड़ा, करधनी, वैशाली नगर, सोडाला, श्याम नगर, गांधी नगर, बजाज नगर, मालवीय नगर, जवाहर सर्किल, सांगानेर, प्रतापनगर, मुहाना, शिवदासपुरा, बगरू, दूदू, फागी तथा फुलेरा सहित जयपुर उत्तर एवं जयपुर पूर्व जिले शामिल है.
इस बंद को लेकर प्रशासन ने आमजन से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने तथा आदेशों की पालना करने की अपील की है, आदेश की अवहेलना करने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.