





Thar पोस्ट न्यूज बीकानेर। केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा की पहल पर प्रदेश भर के 183 विधानसभाओं में चलाया गया ग्राम रथ अभियान अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति तक केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का सशक्त माध्यम बना।


श्री मेघवाल ने रविवार को बीकानेर पंचायत समिति परिसर में ग्राम रथ अभियान के समापन समारोह के दौरान यह बात कही। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश एवं मुख्यमत्री श्री भजनलाल शर्मा की अगुवाई में राज्य के विकास का पहिया अब नहीं रुकेगा। प्रधानमंत्री की संकल्पना के अनुरूप वर्ष 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बनेगा, जिसमें सभी राज्यों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि वे सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाएं और देश व प्रदेश के विकास में अपनी भागीदारी निभाएं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय तनाव और ऊर्जा संकट को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने तथा आवागमन के वैकल्पिक साधनों का उपयोग करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि इस पहल के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं तथा अनेक लोगों ने स्वेच्छा से प्रधानमंत्री के आह्वान को स्वीकार किया है।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने रिडमलसर की ‘लखपति दीदी’ श्रीमती संतोष से संवाद किया। श्रीमती संतोष ने बताया कि वह करणी माता स्वयं सहायता समूह की सदस्य हैं। उनका समूह सिलाई, बुनाई, पशुपालन सहित विभिन्न कार्य कर रहा है, जिससे उनके परिवार आर्थिक रूप से सशक्त हुए हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के तहत इन समूहों को ऋण उपलब्ध करवाए जाएं। केंद्रीय मंत्री ने ग्राम रथ अभियान से जुड़े लोक कलाकारों, वाहन चालकों एवं ऑपरेटरों का अभिनंदन भी किया।
खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने कहा कि ग्राम रथ अभियान के माध्यम से राज्य सरकार ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की अंत्योदय की संकल्पना को साकार करने का प्रयास किया है। अभियान के जरिए किसानों, महिलाओं और युवाओं तक विभिन्न योजनाओं की जानकारी पहुंची है तथा 13 विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीणों को मिला है।
श्री श्याम पंचारिया ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में संचालित यह अभियान राजस्थान के विकास के संकल्प को आगे बढ़ाने वाला प्रयास है। यह केवल एक अभियान या यात्रा नहीं, बल्कि गांव-गांव के विकास का रोडमैप तैयार करने और जनसेवा का संकल्प है।
जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे ने बताया कि अभियान के तहत जिले की पांचों ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों की समस्त ग्राम पंचायतों तक सरकार की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। अभियान के तहत मुख्यमंत्री श्री भजन लाल शर्मा ने शनिवार को स्वरूपदेसर में आयोजित चौपाल के दौरान डाटा एंट्री सखी से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर संवाद भी किया।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर श्री निशान्त जैन, उपखंड अधिकारी सुश्री महिमा कसाना, श्री तोलाराम कूकणा, श्री दिलीप सिंह आडसर, श्री प्रकाश मेघवाल, श्री महावीर चारण, श्री संतोषानंद महाराज, श्री रामरतन सियाग, श्री लक्ष्मणराम गुरिया, विकास अधिकारी श्रीमती साजिया तबस्सुम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। पूर्व प्रधान श्री राजकुमार कसवां ने आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन श्री ज्योति प्रकाश रंगा ने किया।