





Thar पोस्ट न्यूज। बीकानेर में व्यापक स्तर पर बीकानेर थिएटर फेस्टिवल की तैयारियां की गई है। सभी रंगकर्मी कलाकार इस भव्य आयोजन में चार चांद लगाने में जुटे है। इस बार दसवां बीकानेर थिएटर फेस्टिवल 24 फरवरी से 1 मार्च तक शहर के विभिन्न स्थानों पर आयोजित किया जाएगा। जिला प्रशासन, बीकानेर विकास प्राधिकरण, नगर निगम , विरासत संवर्धन संस्था, हंसराज डागा चैरिटेबल ट्रस्ट और अनुराग कला केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में यह आयोजन हो रहा है। यह रंगोत्सव प्रख्यात रंगकर्मी देवेंद्र राज अंकुर को समर्पित होगा, जो नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा के निदेशक रह चुके हैं । फेस्टिवल में देशभर से लगभग 20 नाट्य प्रस्तुतियां मंचित की जाएंगी।





इस बारे में पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास हुई प्रेस वार्ता में आयोजकों ने बताया कि देश के अनेक राज्यों से आने वाली नाट्य संस्थाएं सामाजिक, ऐतिहासिक और समकालीन विषयों पर आधारित प्रस्तुतियां देंगी, जिससे दर्शकों को विविध रंग शैलियों का अनुभव मिलेगा।
सुधेश व्यास और सुरेश हिंदुस्तानी ने कहा कि बीकानेर की रंग परंपरा समृद्ध रही है और इस तरह के राष्ट्रीय स्तर के आयोजन से स्थानीय कलाकारों को मंच और पहचान मिलती है। हंसराज डागा ने कहा कि अनुराग कला केंद्र द्वारा लगातार दस वर्षों से इस फेस्टिवल का आयोजन करना बीकानेर के लिए गौरव की बात है। विजय सिंह राठौड़ ने बताया कि इस बार का फेस्टिवल राष्ट्रीय स्तर का होगा और 20 नाटकों के माध्यम से दर्शकों को विविध विषयों से रूबरू कराया जाएगा। युवा शिक्षाविद सुरेंद्र धारणिया ने कहा कि शिक्षा और संस्कृति का गहरा संबंध है तथा ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में सृजनात्मकता और अभिव्यक्ति का विकास करते हैं। फेस्टिवल में सिल्वर स्क्रीन पर अपनी विशेष पहचान बनाने वाले अभिनेताओं रंगकर्मियों के साथ संवाद करेंगे। इनके साथ संवाद का एक खुला सत्र भी रखा हैं। दिल्ली क्राइम फेम राजेश तैलंग, ओह माई गोड, बालिका वधु फेम जय नीरज राजपुरोहित, बागले की दुनिया, तारक मेहता का उल्टा चश्मा फेम दीपक पारीक, नागिन फेम अनुराग व्यास, बालिका वधु फेम संदीप भोजक, नयनतारा, कस्तूरी फेम चारु आसोपा तथा रैड 2 फेम नवनीत रंगा भी फेस्टिवल में भागीदारी करेंगे।
फेस्टिवल के उपलक्ष्य में रविवार को शहर में एक अनोखा आयोजन हुआ बाइक रैली। इस रैली में लगभग 40 सवारों ने हिस्सा लिया और थिएटर, संस्कृति, एकता और उत्साह का प्रदर्शन किया। अरमान हुसैन और सलीम खान के नेतृत्व में संडे राइडर्स जेएनवी सर्कल से शुरू हुई यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गुजरी, जिसमें अनुभवी और नए सवारों ने हिस्सा लिया। सवारों ने अपने शानदार बाइकों और आकर्षक परफॉरमेंस से शहरवासियों का दिल जीत लिया। इस बाइक रैली का उद्देश्य बीकानेर के लोगों में रंगमंच के प्रति जन चेतना जाग्रत करना था।