








Thar पोस्ट न्यूज। निजी स्कूलों के सभी बस चालकों को करवाएं निःशुल्क रिफ्रेशर ट्रेनिंग एवं सर्टिफिकेशन।ज़िला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन की अध्यक्षता में हुई बैठक






बीकानेर। जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला कलेक्टर ने जिले के चिह्नित ब्लैक स्पॉट की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों द्वारा अब तक किए गए सुधारात्मक कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि ब्लैक स्पॉट पर ऐसे प्रभावी और स्थायी सुधार किए जाएं, जिससे भविष्य में दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
जिला कलेक्टर ने परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग तथा पुलिस विभाग की प्रेरणा से बिछवाल स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में भारी वाहन चालकों के लिए प्रारंभ किए गए निःशुल्क रिफ्रेशर ट्रेनिंग एवं सर्टिफिकेशन कार्यक्रम का लाभ निजी स्कूलों के सभी बस चालकों को भी दिलवाने के निर्देश दिए। उन्होंने डीटीओ एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को समन्वय कर सभी निजी स्कूलों के बस चालकों का प्रशिक्षण सुनिश्चित करवाने को कहा।
उल्लेखनीय है कि ट्रांसपोर्ट नगर में भारी ड्राइविंग लाइसेंसधारक मोबाइल नंबर 9928770789 एवं 9252072769 पर संपर्क कर निःशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं। इस कार्यक्रम के तहत बीकानेर संभाग के करीब 10 हजार व्यावसायिक वाहन चालकों को निःशुल्क रिफ्रेशर ट्रेनिंग दी जाएगी।
जिला कलेक्टर ने जयपुर रोड पर राजकीय डूंगर कॉलेज के पास स्थित तिराहे पर स्पीड ब्रेकर बनवाने तथा पूगल रोड पर अवैध कट बंद करवाने के निर्देश बीकानेर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को दिए।
पुलिस अधीक्षक श्री मृदुल कच्छावा ने एनएचएआई के अधिकारियों को ट्रैफिक इंस्पेक्टर के सहयोग से सर्विस लेन अवरुद्ध करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाने के निर्देश दिए।
इससे पूर्व एनएच के अधीक्षण अभियंता श्री जी.पी.एस. चौहान ने जयपुर रोड स्थित वैष्णो धाम, खाटू श्याम मंदिर के आगे, सेरूणा रोड पर सिजराल रेस्टोरेंट के आगे, नापासर चौराहा, देशनोक पुलिया, संगम धर्मकांटा जामसर तथा हिम्मटसर बस स्टैंड सहित विभिन्न दुर्घटना संभावित स्थलों पर हादसों की रोकथाम के लिए किए गए प्रयासों की विस्तार से जानकारी दी।
बैठक में जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन के अलावा पुलिस अधीक्षक श्री मृदुल कच्छावा, नगर निगम आयुक्त श्री सिद्धार्थ पलानीचामी, बीडीए सचिव श्री हेमेन्द्र नागर, एनएच के अधीक्षण अभियंता श्री जी.पी.एस. चौहान, पीडब्ल्यूडी अधीक्षण अभियंता श्री पंकज यादव, जिला परिवहन अधिकारी श्रीमती भारती नथानी, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. लोकेश गुप्ता, ट्रैफिक सीओ श्रीमती शालिनी बजाज, ट्रैफिक इंस्पेक्टर श्री कानाराम, बीडीए अधीक्षण अभियंता श्री ऋषिकेश मीणा, माध्यमिक शिक्षा के संस्थापन अधिकारी श्री राजेश व्यास, आरएसआरडीसी के एईएन श्री महेन्द्र चौपड़ा, आईरैड से श्री महेश शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।