

Thar पोस्ट। राजस्थान अर्द्धवार्षिक परीक्षा कार्यक्रम घोषित। राज्य स्तरीय समान परीक्षा योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 की कक्षा नौ से 12 तक की अर्धवार्षिक परीक्षाएं 25 नवंबर से 7 दिसंबर तक आयोजित होंगी। माध्यमिक शिक्षा निदेशक ललित कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। राज्यभर में यह अर्धवार्षिक परीक्षा पहले 15 अक्तूबर से 27 अक्तूबर के बीच होनी थी।










पंचायत चुनाव के कारण शिक्षा विभाग को अचानक समय-सारणी में परिवर्तन करना पड़ा है। अब अर्धवार्षिक परीक्षाएं दिसंबर तक चलेंगी और इसके बाद फरवरी में ही मुख्य परीक्षाएं आयोजित हो सकती हैं। अब कक्षा नौ से 12 तक का परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। अन्य परीक्षाएं विद्यालय स्तर पर आयोजित की जाती हैं। इसलिए कक्षा एक से आठ तक की अर्धवार्षिक परीक्षाएं स्कूल अपने स्तर पर ही आयोजित करेंगे। शिक्षा विभाग ने प्रश्न-पत्रों की गोपनीयता और सुरक्षा को लेकर बेहद कड़े निर्देश जारी किए हैं। निजी विद्यालयों में प्रश्न-पत्र नहीं रखे जा सकेंगे। निजी स्कूलों के प्रश्न-पत्र संबंधित पीईईओ या यूसीईईओ के पास सुरक्षित रखे जाएंगे। परिस्थितियों के अनुसार प्रश्न-पत्रों को स्थानीय पुलिस थाने में भी सुरक्षित रखने की व्यवस्था की जा सकेगी। यह निर्णय लेने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी को अधिकृत किया गया है।
