






Thar पोस्ट न्यूज। पश्चिमी राजस्थान के जिलों में आगामी दिनों में मेले मगरीयों का दौर शुरू होने जा रहा है। इन जिलों में जागरण जम्मों का सिलसिला भी एक माह तक चलता है। इन दिनों बाबा रामदेव जी के मेले की व्यापक तैयारियां की जा रही है। बाबा रामदेवरा मेला-2026 का आयोजन भादवा शुक्ल पक्ष की बीज, 13 सितंबर से रामदेवरा में शुरू होगा। देशभर से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए प्रशासनिक व्यवस्थाएं 28 अगस्त से ही शुरू कर दी जाएंगी। यहां एक दिन पहले जिला कलेक्टर अनुपमा जोरवाल ने ग्राम पंचायत रामदेवरा के सभागार में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। बैठक में जिला कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी तैयारियां तय समय सीमा में पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और मेला क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। साथ ही अधूरे कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

समीक्षा बैठक में साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा सेवाएं, परिवहन, पुलिस, होमगार्ड, यातायात और पार्किंग व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों को धार्मिक स्थलों, प्रमुख मार्गों, विश्राम स्थलों और यात्रियों के ठहरने वाले स्थानों की मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए गए। जिला कलेक्टर ने मेला अवधि के दौरान विशेष सफाई अभियान चलाने और मंदिर समिति को भी व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। विशाल मेले में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, निशुल्क चिकित्सा शिविर, मोबाइल मेडिकल यूनिट, एंबुलेंस सेवा और प्राथमिक उपचार केंद्र स्थापित करने पर भी विस्तृत चर्चा हुई। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आवागमन की विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
रामसरोवर में नाव संचालन पर चर्चा
बैठक में रामसरोवर तालाब में संचालित होने वाली नावों की जिम्मेदारी तय करने का मुद्दा भी उठा। जिला कलेक्टर ने ग्राम पंचायत को नावों की फिटनेस जांचने और संचालन की जिम्मेदारी लेने के लिए कहा, लेकिन ग्राम पंचायत ने यह जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया।
वहीं पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत मंथन हुआ। पिछले मेले के दौरान सोशल मीडिया पर पार्किंग व्यवस्था को लेकर हुई आलोचनाओं को देखते हुए इस बार केवल निर्धारित स्थानों पर ही पार्किंग कराने और वहां पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने पर जोर दिया गया
बैठक में होटलों और धर्मशालाओं में अग्निशमन यंत्र अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने पर बल दिया गया। इसके अलावा मेले के दौरान नशे की हालत में घूमने वाले लोगों की पहचान कर उन्हें क्षेत्र से बाहर भेजने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। जिला कलेक्टर ने सभी विभागों को आगामी 15 दिनों में योजनाबद्ध तरीके से अपने-अपने कार्य पूरे करने के निर्देश दिए और कहा कि सभी विभागों के समन्वित प्रयास से बाबा रामदेवरा मेला शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराया जाएगा।
मेले में पर्याप्त पुलिस बल रहेगा तैनात
जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने बैठक में बताया कि मेले के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और पूरे मेला क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।समीक्षा बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर परसाराम सैनी, अतिरिक्त सहायक पुलिस अधीक्षक (पोकरण) वीरेंद्र सिंह, पुलिस उपाधीक्षक बुधाराम बिश्नोई, रामदेवरा थाना प्रभारी समंदर सिंह तंवर, रामदेवरा व्यापार संघ के प्रतिनिधि आंसू सिंह तंवर, नगर पालिका पोकरण, पीएचईडी, विद्युत, चिकित्सा, परिवहन, सार्वजनिक निर्माण विभाग, पर्यटन, आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
