







Thar पोस्ट न्यूज। देश के अनेक राज्यों में पांच दिवसीय तेज बारिश का दौर आज से शुरू हो रहा है। ऐसा मौसम विभाग का कहना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार को प्रदेश के 5 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट और बाकी जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 31 जुलाई से 5 अगस्त तक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश का दौर जारी रहेगा। ऐसे में लोगों को जलभराव, बिजली गिरने और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विभाग ने इसकी वजह बताते हुए कहा है कि बंगाल की खाड़ी से बना डिप्रेशन सिस्टम धीरे-धीरे पश्चिम की ओर तेजी से बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से कोटा, उदयपुर, अजमेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी और कुछ स्थानों पर अति भारी बारिश हो सकती है। 24 घंटे में सीकर, झुंझुनूं, जयपुर, अजमेर, प्रतापगढ़ और कोटा समेत कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक अजमेर के सरवाड़ में 45 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई। सीकर के नीमकाथाना में 34 मिमी, रींगस में 29 मिमी, खंडेला में 27 मिमी, कोटा के सांगोद में 20 मिमी और झुंझुनूं के खेतड़ी में 18 मिमी बारिश हुई। पश्चिम राजस्थान के जिलों में भी बादल डेरा डाल रहे है।

