





Thar पोस्ट न्यूज। राजस्थान में मानसून अब तेजी से सक्रिय हो रहा है। मौसम विभाग ने 6 से अधिक जिलों में तेज बारिश का अनुमान जारी किया है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के जिलों में भी मानसून सक्रिय हो रहा है। बालोतरा, बाड़मेर, बीकानेर, चूरू, डीडवाना-कुचामन, हनुमानगढ़, जालौर, जोधपुर, नागौर, पाली, फलौदी और श्रीगंगानगर में 7 और 8 जुलाई को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना बनी हुई है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार 7 से 9 जुलाई के बीच उदयपुर, कोटा और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में कहीं-कहीं अतिभारी बारिश हो सकती है। हालांकि 10 जुलाई से भारी बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने आज बांसवाड़ा, बारां, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, झालावाड़, प्रतापगढ़, सलूंबर और उदयपुर में अतिभारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।