IMG 20260706 232334 चार होटलों पर बुलडोजर, 13 वर्ष की नाबालिग से दुष्कर्म का मामला, अभी तक 18 गिरफ्तार Rajasthan News Portal राजस्थान
Share This News

Thar पोस्ट न्यूज। बीकानेर संभाग के इस मामले ने देशभर को झकझोर कर रख दिया है। 13 वर्षीय नाबालिग से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने तीन और आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ अब तक कुल 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जिला प्रशासन ने उन चार होटलों पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिया, जहां जांच के दौरान वारदात से जुड़े तथ्य सामने आने की बात कही गई है।

पुलिस के अनुसार हाल ही में गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर की गई। जांच में सामने आया कि ये आरोपी उस होटल में पहुंचे थे, जहां पीड़िता के साथ कथित दुष्कर्म हुआ था। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि अब तक की जांच में कई लोगों की संलिप्तता सामने आई है और सभी आरोपियों के खिलाफ उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। श्रीगंगानगर के पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

घटना के बाद जिला प्रशासन ने भी सख्त रुख अपनाते हुए उन चार होटलों पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिया, जहां जांच के दौरान मामले से जुड़े तथ्य सामने आए थे। प्रशासन का कहना है कि नियमों का उल्लंघन कर संचालित होने वाले होटलों और अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गए है।

यह है मामला : पुलिस के अनुसार मामला 18 जून का है। आरोप है कि घर से लापता हुई 13 वर्षीय नाबालिग को एक रिक्शा चालक होटल ले गया, जहां उसे अन्य लोगों के हवाले कर दिया गया। इसके बाद अलग-अलग स्थानों पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का आरोप है। पीड़िता के बयान, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने विभिन्न आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान होटल संचालकों, कर्मचारियों और अन्य संदिग्धों की भूमिका भी सामने आने पर उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया।


Share This News