





Thar पोस्ट न्यूज। बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के अध्यक्ष जुगल राठी व प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन से भेंट कर शोभासर बदरासर इंडस्ट्रीज एरिया में आ रही विभिन्न समस्याओं के संबंध में विस्तृत चर्चा की।





प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को बताया कि शोभासर औद्योगिक क्षेत्र में अनेक औद्योगिक एवं वाणिज्यिक इकाइयाँ संचालित होने के बावजूद आधारभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है, जिससे व्यापारियों एवं उद्योगपतियों को निरंतर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वार्ता के दौरान निम्न प्रमुख समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया—
जल आपूर्ति की समस्या: क्षेत्र में नियमित पेयजल एवं औद्योगिक जल आपूर्ति का अभाव है।
रोड लाइट की कमी: पर्याप्त स्ट्रीट लाइट व्यवस्था नहीं होने से रात्रि में आवागमन एवं सुरक्षा प्रभावित होती है।
बिजली ट्रिपिंग की समस्या: हाई वोल्टेज लाइनों के नीचे
पेड़ों के कारण बार-बार बिजली बाधित होती है।
बैंकिंग सुविधाओं का अभाव: क्षेत्र में बैंक शाखा या एटीएम की सुविधा उपलब्ध नहीं है।
प्राथमिक चिकित्सा सुविधा का अभाव: आकस्मिक परिस्थितियों के लिए कोई डिस्पेंसरी उपलब्ध नहीं है।
प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर से अनुरोध किया कि संबंधित विभागों—जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED), विद्युत विभाग, नगर निगम, वन विभाग, बैंकिंग संस्थान एवं चिकित्सा विभाग—को आवश्यक निर्देश जारी कर इन समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर समस्याओं के समाधान हेतु सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया।
शोभासर बदरासर इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष मेघाराम गोदारा, सचिव विमल चांडक, उपाध्यक्ष संदीप बुडानिया, कोषाध्यक्ष दामोदर माहेश्वरी एवं सह सचिव लालचंद खीचड़—द्वारा क्षेत्र में व्याप्त विभिन्न समस्याओं के समाधान हेतु व्यापार मंडल से वार्ता के संदर्भ में जिला कलेक्टर से वार्ता की गई ।
बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के सचिव संजय जैन सांड ने आशा व्यक्त की कि प्रशासन के सहयोग से शीघ्र ही शोभासर औद्योगिक क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का समाधान होगा, जिससे क्षेत्र का समुचित विकास एवं व्यापारिक गतिविधियों में और अधिक गति आएगी।