








*Thar पोस्ट न्यूज।* गोपाष्टमी के पावन पर्व पर श्री गंगा जुबली पिंजरा प्रोल गौशाला, गजनेर रोड, बीकानेर में भव्य गो-पूजन व आशीर्वाद वचन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के संचालक देवकिशन चांडक *देव श्री* ने बताया कि श्री हनुमान बाबा महाराज (धाम बरसाना) के सानिध्य में यह आयोजन *17 नवंबर 2026, मंगलवार* को होगा। देव श्री ने बताया कि गोपाष्टमी पर गौ माता की पूजा का विशेष महत्व है। इस दिन गौ सेवा, गौ पूजन और संतों के आशीर्वाद से सुख-समृद्धि और पुण्य की प्राप्ति होती है। उन्होंने सभी गो भक्तों, धर्म प्रेमियों और शहरवासियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। आज सोमवार को श्रीजी द ग्रुप आफ आर्ट्स द्वारा शिव पार्वती मंदिर स्थित माली समाज भवन में चल रहे तीन दिवसीय “भक्तमाल रस उत्सव ” का आज श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ भव्य पूर्णाहुति हुई। इससे पहले श्रीजी ग्रुप की ओर से शिव-पार्वती भवन में आयोजित भक्तमाल रास कथा के दौरान श्रीधाम बरसाना के हनुमान बाबा महाराज ने क्यूबेशन फाउंडेशन के फाउंडर डायरेक्टर एवं भामाशाह चंद्रेश हर्ष को आशीर्वाद प्रदान किया। इस अवसर पर हनुमान बाबा महाराज ने दुपट्टा, माला एवं श्रीफल भेंट कर हर्ष का सम्मान किया।






आयोजन से जुड़े श्रवण गहलोत ने बताया कि उत्सव के अंतिम दिन श्री धाम बरसाना से पधारे श्री हनुमान बाबा महाराज ने अपने श्रीमुख से विभिन्न संतों और भक्तों के पावन चरित्रों की महिमा का बखान किया।
जिस भक्त के मन में ईश्वर के अतिरिक्त किसी अन्य का सहारा न हो उसकी रक्षा भगवान स्वयं करते हैं। उन्होंने भक्त प्रहलाद भक्त नरसी मेहता,मीराबाई द्रौपदी का उदाहरण देते हुए बताया कि इन भक्तों की रक्षा करने भगवान स्वयं आते हैं।
कथा के दौरान महाराज श्री ने भक्त शिरोमणि कबीर दास जी ,संत पीपाजी के जीवन से जुड़ी विभिन्न प्रेरणादायी घटनाओं का विस्तार से जिक्र किया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार कबीर जी ने अपनी निश्छल भक्ति और सत्य के मार्ग पर चलते हुए समाज को प्रेम और सद्भाव का संदेश दिया। इसी क्रम में महाराज श्री ने भक्त चिदड़ (चीड़ रानी) की अनन्य भक्ति का मार्मिक प्रसंग सुनाया। उन्होंने वर्णन किया कि किस प्रकार भक्त की सच्ची निष्ठा और प्रेम के वशीभूत होकर संत पीपा जी और सीता सहचरी स्वयं उनके घर पधारे थे। इस प्रसंग को सुनकर श्रोता भक्ति रस से सराबोर हो गए।


तीन दिनों तक चले इस आध्यात्मिक महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ अर्जित किया। पूर्णाहुति के अवसर पर महाआरती का आयोजन किया गया जिसमें गोपाल मारू,अर्जुन गहलोत,श्रवण गहलोत,कैलाश गहलोत, वसुंधरा आचार्य, श्याम पंवार, महावीर गहलोत, नंदकिशोर गहलोत, महेश पवार, यशवंत, अजय सांखला प्रथम, जितेंद्र तथा लकी सहित सभी भक्तों ने भक्ति भाव से आरती में भाग लिया।
इस अवसर पर श्रवण गहलोत तथा आयोजन समिति के सदस्यों ने बीकानेर के जाने माने कलाकार आदित्य बिस्सा द्वारा महाराज जी के गुरु श्री राजेंद्र दास जी महाराज (मलूक पीठ) की तस्वीर उन्हें भेंट कर, दुपट्टा पहना कर सम्मानित किया।
अंत में सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।