








Thar पोस्ट न्यूज। बीकानेर शहर में पूर्व बैंक अधिकारी केशव दत्त आचार्य की मौत के बाद पुलिस ने हादसे में शामिल टिपर की पहचान कर ली है, जबकि उसका ड्राइवर फिलहाल फरार है। इस बीच परिजनों ने सवाल उठाए है। पुलिस ने कंपनी एसपीएस के मैनेजर अभिषेक को पूछताछ के दौरान सहयोग नहीं करने पर गिरफ्तार किया गया है। हालाकि बाद में उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया।थानाधिकारी सुरजीत सिंह के अनुसार जिस टिपर से हादसा हुआ था,उसका पता लगा लिया गया है। ड्राइवर की पहचान भी कर ली गई है, लेकिन वह फिलहाल फरार है।पुलिस उसकी तलाश कर रही है। हादसे के बाद कंपनी पर साक्ष्य छिपाने और उनके साथ छेड़छाड़ करने के आरोप भी लगाए गए हैं। मैनेजर अभिषेक पर भी साक्ष्यों से छेड़छाड़ का आरोप है।
इस बीच परिजनों का कहना है कि 13 दिन बाद भी अभय कमांड सेंटर से CCTV फुटेज क्यों नहीं ली गई?
परिजनों की ओर से प्रशासन को लिखित रूप में अवगत कराया गया था कि जिस स्थान पर दुर्घटना हुई, वहां अभय कमांड सेंटर के CCTV कैमरे लगे हुए हैं और उनमें दुर्घटना का महत्वपूर्ण वीडियो साक्ष्य उपलब्ध होने की संभावना है।















इसके बावजूद दुर्घटना के 13 दिन बीत जाने के बाद भी संबंधित CCTV फुटेज प्राप्त करने और उन्हें सुरक्षित रखने की कार्रवाई सामने नहीं आई है।
परिजनों ने बीकानेर की जनता से भी अपील की है कि वे इस मामले में प्रशासन से जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग करें।
परिजनों की प्रमुख मांग है कि अभय कमांड सेंटर की संबंधित CCTV फुटेज तत्काल सुरक्षित की जाए, उसकी आधिकारिक कॉपी जांच अधिकारी को उपलब्ध कराई जाए तथा फुटेज से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या उसके नष्ट होने की आशंका को रोका जाए।
परिजनों का कहना है कि यह लड़ाई मुआवजे की नहीं, बल्कि न्याय और दोषियों की जवाबदेही तय करवाने की है।