








Thar पोस्ट न्यूज, बीकानेर। शास्त्री नगर से सुदर्शना नगर तक फैले खुले नाले की गंभीर जन-समस्या और ऐतिहासिक नागणेचीजी मंदिर के पास इसके कारण उत्पन्न हो रहे खतरों के स्थायी समाधान के लिए ‘नाला समस्या समाधान संयुक्त संघर्ष समिति’ का एक प्रतिनिधिमंडल आज जिला कलेक्टर व निगम महापौर से मिला। ज्ञापन सौंपने के दौरान उमा कराल ने बताया कि शास्त्री नगर और सुदर्शना नगर के हजारों निवासी पिछले कई वर्षों से इस खुले नाले के कारण नर्क जैसी जिंदगी जीने को मजबूर हैं। नाले से निकलने वाली जहरीली गैसों से न सिर्फ लोगों का स्वास्थ्य बिगड़ रहा है, बल्कि घरों के कीमती इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी खराब हो रहे हैं। इलाके में चौबीसों घंटे रहने वाली भारी दुर्गंध, भयंकर प्रदूषण और मच्छरों के प्रकोप के कारण बच्चों, बुजुर्गों और मवेशियों की सुरक्षा पर हर वक्त खतरा मंडराता रहता है।






ऐतिहासिक और जन-आस्था के बड़े केंद्र नागणेचीजी मंदिर के ठीक पास से गुजर रहे इस खुले नाले के कारण यहां आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को भारी असुविधा व मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

समय रहते काम शुरू नहीं हुआ तो स्वीकृत बजट की समय-सीमा भी समाप्त हो जाएगी।
संघर्ष समिति की ओर से उमा कराल ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि स्वीकृत ₹59 करोड़ के बजट के अंतर्गत तुरंत एक समयबद्ध कार्य योजना (Action Plan) तैयार की जाए।
इस अवसर पर मुख्य संयोजक नरेन्द्र शर्मा, मनोज तनवानि, बीडी शर्मा, सोमेश शर्मा ,नवीन जांगिड़ राकेश शर्मा ,राजकुमार जैन समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।