








Thar पोस्ट न्यूज। बीकानेर संभाग के टिब्बी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में प्रसव के लिए पहुंची प्रसूता को भर्ती करने के बजाय कथित रूप से रेफर कर देने से अस्पताल के बाहर ही बच्चे का जन्म हो गया। इसके बाद परिजनों और नागरिकों ने शनिवार रात अस्पताल के मुख्य द्वार के सामने चक्का जाम कर प्रदर्शन किया। घटना के कारण मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और काफी समय तक यातायात बाधित रहा।






इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों के साथ हुई दूसरे दौर की वार्ता में एक अतिरिक्त चिकित्सक और महिला नर्सिंगकर्मी की नियुक्ति का लिखित आश्वासन मिलने के बाद धरना खत्म हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही टिब्बी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। तहसीलदार हरीश सारण और ब्लॉक चिकित्साधिकारी रीतिका पारीक भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। अधिकारियों ने धरना दे रहे लोगों से बातचीत करके उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर डटे रहे। सड़क पर जारी धरने के कारण यातायात प्रभावित रहा। देर रात तहसीलदार के साथ दूसरे दौर की प्रशासनिक वार्ता हुई। वार्ता के दौरान एक अतिरिक्त चिकित्सक और एक महिला नर्सिंगकर्मी को जल्द नियुक्त करने का लिखित आश्वासन प्रदान किया गया, जिसके बाद नागरिकों ने धरना समाप्त किया।