






Thar पोस्ट न्यूज। बीकानेर में आज कोटगेट रेल फाटक की समस्या को लेकर विधायक जेठानंद व्यास ने मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव गोविल से वार्ता की। तथा कोटगेट रेलवे फाटकों की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा की। रेलवे द्वारा प्रस्तावित अंडर ब्रिज निर्माण कार्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करते हुए विधायक व्यास ने कहा कि कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाए साथ ही शहरी क्षेत्र से आने वाले बरसाती पानी के सुचारू बहाव एवं प्रभावी डायवर्जन की उचित योजना बनाने, संभावित तकनीकी कमियों को दूर करने तथा निर्माण कार्य के दौरान कोटगेट क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय व्यापार को न्यूनतम परेशानी हो, इसका विशेष ध्यान रखने का आग्रह किया।












इस दौरान व्यास ने केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल से भी दूरभाष पर वार्ता कर आवश्यक विषयों पर चर्चा की।बाद में व्यास ने कहा कि कोटगेट रेलवे फाटक के बार-बार बंद होने से आमजन को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या का स्थायी समाधान हमारी प्राथमिकता है। इसके लिए रेलवे, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय के साथ सभी आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण कर अंडर ब्रिज निर्माण कार्य प्रारम्भ करवाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
