ताजा खबरे
SAVE 20260902 165456 बीकानेर में निःशुल्क कृत्रिम हाथ शिविर में बदली सैंकड़ों लोगों ने जिंदगी Rajasthan News Portal बीकानेर अपडेट
Share This News

Thar पोस्ट न्यूज। 180 दिव्यांगजनों को मिले आधुनिक कृत्रिम हाथ, सेवा प्रकल्प ने जगाई आत्मनिर्भरता की नई उम्मीद। मानव सेवा को सर्वोच्च धर्म मानते हुए रोटरी क्लब, बीकानेर द्वारा इनाली फाउंडेशन, पुणे, रोटरी क्लब ऑफ पुणे तथा आचार्य श्री नानेश रोटरी नेत्र चिकित्सालय, गंगाशहर के सहयोग से स्वर्गीय सुन्दर देवी डागा धर्मपत्नी स्वर्गीय चम्पालाल डागा की स्मृति में दो दिवसीय निःशुल्क इलेक्ट्रॉनिक कृत्रिम हाथ शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर के प्रथम दिन लगभग 180 जरूरतमंद दिव्यांगजनों को आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक कृत्रिम हाथ लगाए गए। विशेषज्ञों की टीम द्वारा प्रत्येक लाभार्थी की आवश्यकता के अनुसार जांच एवं माप लेकर कृत्रिम हाथ उपलब्ध करवाए गए तथा उन्हें उसके उपयोग एवं संचालन की जानकारी भी दी गई।

यह सेवा प्रकल्प दिव्यांगजनों को केवल कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी एवं सम्मानजनक जीवन जीने की दिशा में आगे बढ़ाने का प्रयास है। कृत्रिम हाथ प्राप्त करने वाले लाभार्थियों और उनके परिजनों में विशेष उत्साह एवं खुशी देखने को मिली।

रोटरी क्लब का उद्देश्य

रोटरी क्लब, बीकानेर का सदैव प्रयास रहा है कि समाज के जरूरतमंद वर्ग तक ऐसी सेवाएं पहुंचाई जाएं, जिनसे उनके जीवन में वास्तविक और स्थायी बदलाव आए। इलेक्ट्रॉनिक कृत्रिम हाथ शिविर भी इसी उद्देश्य की एक महत्वपूर्ण कड़ी है।

रोटरी क्लब, बीकानेर के अध्यक्ष रोटेरियन प्रवीण गुप्ता ने कहा कि दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि किसी जरूरतमंद के जीवन में आत्मविश्वास लौटाना ही सच्ची मानव सेवा है और रोटरी क्लब भविष्य में भी ऐसे सेवा प्रकल्प जारी रखेगा।

सचिव रोटेरियन कुनाल कोचर ने बताया कि शिविर में लगभग 180 लाभार्थियों को इलेक्ट्रॉनिक कृत्रिम हाथ लगाए गए। उन्होंने सहयोगी संस्थाओं, विशेषज्ञों, रोटेरियन साथियों एवं सभी सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही इस प्रकार के बड़े मानवीय सेवा प्रकल्प सफल होते हैं।

आज शाम होगा समापन समारोह

पूर्व प्रांतपाल राजेश चुरा ने बताया कि इस दो दिवसीय सेवा प्रकल्प का समापन समारोह आज 2 सितम्बर को शाम 6:00 बजे रोटरी क्लब प्रांगण, बीकानेर में आयोजित किया जाएगा।

समापन समारोह में शिविर से लाभान्वित दिव्यांगजन एवं उनके परिजन, रोटेरियन साथी, सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि, विशेषज्ञ तथा गणमान्यजन उपस्थित रहेंगे।


Share This News