ताजा खबरे
IMG 20260815 123708 scaled देशभक्ति की धुनों और रंगारंग प्रस्तुतियों से गूंज उठा डॉ करणी सिंह स्टेडियम, मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने ध्वजारोहण किया Rajasthan News Portal राजस्थान
Share This News

Thar पोस्ट न्यूज। बीकानेर के डॉ करणी सिंह स्टेडियम में हुए राजस्थान के मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने ध्वजारोहण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। इस दौरान केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल सहित सभी विधायक मौजूद रहे। इससे पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बीकानेर के स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय में ध्वजारोहण किया।

बीकानेर में राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में परेड, बैंड, मार्चपास्ट, ऊंट दल सहित विभिन्न कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। परेड कमांडर आईपीएस श्री प्रतीक के नेतृत्व में विभिन्न सुरक्षा एवं पुलिस बलों की टुकड़ियों ने शानदार मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। हाडी रानी महिला बटालियन अजमेर, बीकानेर की महिला एवं पुरुष पुलिस, जीआरपी, दसवीं बटालियन आरएसी बीकानेर, केंद्रीय कारागार, पंजाब पुलिस, तृतीय बटालियन आरएसी बीकानेर, बॉर्डर होमगार्ड, अरबन होमगार्ड तथा एनसीसी आर्मी विंग एवं गर्ल्स विंग सहित कुल 15 प्लाटूनों ने भाग लिया। परेड में जवानों ने अनुशासन एवं समन्वय का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कदमताल के साथ मार्चपास्ट किया। प्लाटून कमांडरों के नेतृत्व में टुकड़ियों द्वारा निर्धारित स्वरूप में प्रस्तुतियां दी गई। देश के अनेक भागों व प्रदेश के विभिन्न अंचलों से आए कलाकारों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। राजस्थानी मांगणियार लोक कलाकारों ने वंदे मातरम की भव्य प्रस्तुति दी। इसके अलावा चरी, कालबेलिया,भवई व गेर नृत्यों की सामूहिक प्रस्तुति हुई। उत्तरप्रदेश के मथुरा से आए कलाकारों ने मयूर नृत्य, पश्चिमी बंगाल के पुरुलिया छाऊ व रायबेसे, उड़ीसा के पाइका नृत्यों ने दर्शकों को रोमांचित किया। संजय पुरोहित, चंद्रेश पारीक ने संचालन किया। करीब 1200 स्कूली बच्चों ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। सांस्कृतिक प्रस्तुतियां श्री नरेश कुमार के नेतृत्व में दी गई। समारोह में ऊंट दल का विशेष आकर्षण रहा। ऊंट चेतक पर सवार कमांडर के नेतृत्व में सीमा प्रहरी धीरे-धीरे मैदान में प्रवेश करते हुए निर्धारित फॉर्मेशन में आए।

ऊंट दल ने मुख्य अतिथि को सलामी देने के साथ ही दर्शकों का अभिवादन किया। इसके बाद ऊंटों द्वारा आमने-सामने की क्रॉसिंग, विभिन्न आकर्षक फॉर्मेशन तथा चारों कोनों पर गोलाकार सर्किल बनाने सहित कई रोमांचक प्रस्तुतियां दी गईं। ऊंट दल की सधी हुई एवं अनुशासित गतिविधियों ने पूर्वाभ्यास को विशेष रूप से आकर्षक बनाया।

बैंड दलों ने भी देशभक्ति एवं उत्साह से भरपूर धुनों की प्रस्तुति देते हुए परेड का जोश बढ़ाया। बैंड मार्च पास्ट के साथ समारोह स्थल पर देशभक्ति की भावना और अनुशासन का प्रभावी वातावरण नजर आया।

इस अवसर पर एडीजी पुलिस श्री बीजू जॉर्ज जोसेफ,आईजी बीकानेर श्री ओमप्रकाश, डीआईजी श्रीमती श्वेता धनखड़, जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन, एसपी श्री मृदुल कच्छावा, सीईओ जिला परिषद श्री शैलजा पांडे, नगर निगम सीईओ श्री सिद्धार्थ पलानीचामी समेत जिला प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी, परेड से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी तथा विभिन्न टुकड़ियों के जवान उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को बीकानेर के स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय में ध्वजारोहण किया।
उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को 10वीं आरएसी बटालियन की टुकड़ी ने सलामी और पुलिस बैण्ड ने बैण्डवादन की प्रस्तुति दी। इससे पहले मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए।
केन्द्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुनराम मेघवाल, विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल जेठानंद व्यास, अंशुमान सिंह सहित जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ अधिकारीगण एवं आमजन उपस्थित रहे।


Share This News