


Thar पोस्ट न्यूज़। एक आरएएस अधिकारी को तत्काल प्रभाव से एपीओ कर दिया गया है। राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) की अधिकारी पिंकी मीणा की दौसा में नई पोस्टिंग के महज 48 घंटे बाद ही सरकार ने उन्हें एपीओ कर दिया। कार्मिक विभाग ने गुरुवार रात इसके आदेश जारी किए। आदेश में कार्रवाई की वजह ‘प्रशासनिक कारण’ बताई गई है। एपीओ अवधि के दौरान पिंकी मीणा को कार्मिक विभाग में अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी। पिंकी मीणा 2017 बैच की RAS अधिकारी हैं। उनकी पहली पोस्टिंग दौसा जिले के बांदीकुई में उपखंड अधिकारी (SDM) के तौर पर हुई थी।

वर्ष 2021 में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जुड़े एक मामले में 10 लाख रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में ACB ने उनके खिलाफ कार्रवाई की थी। उन्हें गिरफ्तार किया गया था और बाद में जेल भी जाना पड़ा। रिश्वत प्रकरण के बाद पिंकी मीणा लंबे समय तक निलंबित रहीं। बाद में राजस्थान हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद सरकार ने उन्हें 21 मई को बहाल किया था।
