IMG 20241023 101608 चुनाव से पहले 183 आरएएस अधिकारियों के तबादले Rajasthan News Portal राजस्थान
Share This News

Thar पोस्ट। राजस्थान में निकाय चुनाव से पहले 183 RAS अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस जम्बो तबादला सूची में मुख्यमंत्री के ओएसडी योगेश श्रीवास्तव, आरएएस एसोसिएशन के अध्यक्ष महावीर खराड़ी और चर्चित RAS अधिकारी पिंकी मीणा के नाम भी शामिल हैं। ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर के SA समेत तीन अधिकारियों को APO किया गया है।  निर्वाचन आयोग के निर्देशों के बाद सरकार ने तीन साल से एक ही स्थान पर तैनात और गृह जिले में पदस्थ अधिकारियों को भी बदला है। निकाय चुनाव की आचार संहिता 15 अगस्त के बाद कभी भी लागू होने की संभावना को देखते हुए तबादला किए गए अधिकारियों को तत्काल नई जगह कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री के OSD योगेश श्रीवास्तव को गंगानगर शुगर मिल्स में महाप्रबंधक (GM) के पद पर लगाया गया है। वहीं RAS एसोसिएशन के अध्यक्ष महावीर खराड़ी को टोंक APRTS के प्रिंसिपल पद से हटाकर अतिरिक्त आयुक्त, TAD उदयपुर की जिम्मेदारी दी है। ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर के SA कालूराम का तबादला कर उन्हें APO कर दिया गया है। उनकी जगह पंचायती राज विभाग में अतिरिक्त आयुक्त एवं उपसचिव रहे त्रिलोकचंद मीणा को नागर का SA बनाया गया है। इसके अलावा SDO सीकरी मोनिका सामारे और SDO जैसलमेर रामलाल मीणा को भी APO किया गया है। चर्चित RAS अधिकारी पिंकी मीणा का भी करीब सवा महीने बाद फिर तबादला किया गया है।

जून में बहाली के बाद उन्हें सवाई माधोपुर में सहायक निदेशक के पद पर पोस्टिंग मिली थी और उन्होंने 1 जुलाई को कार्यभार संभाला था। अब उन्हें दौसा में सहायक कलेक्टर मुख्यालय लगाया गया है। पिंकी मीणा 2021 के हाईवे घूसकांड मामले में निलंबित हुई थीं। कोर्ट के आदेश के बाद उनकी बहाली हुई थी।

चार RAS अधिकारियों के तबादले निरस्त

सरकार ने चार RAS अधिकारियों के पूर्व में किए गए तबादले भी निरस्त किए हैं। इनमें चंद्रभान सिंह भाटी, नंदकिशोर राजोरा, दिनेश कुमार मीणा और रणछोड़ लाल शामिल हैं। कार्मिक विभाग के आदेश के अनुसार तबादला किए गए अधिकारियों को नई जगह तत्काल कार्यभार संभालना होगा। जॉइनिंग के लिए अलग से समय नहीं दिया जाएगा। निकाय चुनाव की संभावित आचार संहिता को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर यह फेरबदल महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


Share This News