






Thar पोस्ट न्यूज। राजस्थान का राज्य स्वतंत्रता दिवस समारोह बीकानेर में हो रहा है। इस ऐतिहासिक शहर की कायापलट की कवायद की जा रही है। इस बीच राजस्थान में आगामी नगरीय निकाय चुनावों की तैयारियों के लिए भी भजनलाल सरकार जुट गई है। शहरी वोटर की नाराजगी दूरू करने के लिए सरकार अब सड़कों की मरम्मत से लेकर साफ सफाई के प्रोजेक्ट तेजी से पूरे कर रही है। सरकार ने स्वायत्त शासन विभाग ने प्रदेश के सभी नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिकाओं को शहरों की सफाई के लिए इनके अफसरों को टारगेट दे दिए हैं। चुनाव से पहले शहरों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए घर-घर 100 फीसदी कचरा संग्रहण, बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, बंद स्ट्रीट लाइटों को चालू करने और सड़कों पर घूम रहे लावारिस पशुओं को हटाने पर फोकस किया गया है।

डीएलबी डायरेक्टर जुईकर प्रतीक चंद्रशेखर ने सभी नगरीय निकायों के आयुक्तों और अधिशाषी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इन व्यवस्थाओं में किसी तरह की लापरवाही नहीं हो और आवश्यक कार्रवाई प्राथमिकता से पूरी की जाए।
नगरीय निकाय चुनावों से पहले शहरों में सड़क, सफाई, रोशनी और यातायात से जुड़ी समस्याएं बड़ा चुनावी मुद्दा बन सकती हैं। ऐसे में सरकार ने निकायों को जमीनी स्तर पर व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए हैं। स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के तहत निकायों को घर-घर कचरा संग्रहण को 100 फीसदी प्रभावी बनाने को कहा गया है, ताकि सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा जमा नहीं हो। साथ ही कचरा यार्ड में लंबे समय से जमा लीगेसी वेस्ट का ढेर बढ़ने से रोकने के लिए भी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
