







Thar पोस्ट न्यूज। राजस्थान में फिलहाल मानसून सक्रिय है। बादलों में घमासान के बीच मौसम विभाग ने सोमवार से प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश का दौर शुरू होने की संभावना जताई है। इसके मद्देनजर 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 24 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के अनुसार प्रदेश में बारिश का दौर 13 अगस्त तक जारी रह सकता है। इसके बाद 14 अगस्त से पश्चिमी राजस्थान और 15 अगस्त से पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। रविवार को जयपुर और आसपास के इलाकों में हुई बारिश के बाद कानोता बांध में पानी की आवक बढ़ गई। बांध लबालब भरने के बाद उस पर चादर चलने लगी। बारिश के कारण जयपुर शहर और आसपास के कई इलाकों में सड़कों पर पानी बहता नजर आया। हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर के कई इलाकों में तेज बारिश हुई। बारां के शाहबाद में करीब 2 इंच बारिश दर्ज की गई। वहीं, बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में तेज बारिश के बाद सड़कों व निचले इलाकों में पानी भर गया।

