







Thar पोस्ट न्यूज। देश की राजधानी दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार सुबह से ही झमाझम बारिश हो रही है. बारिश की वजह से कई इलाकों में पानी भर गया। अनेक जगहों पर भारी जाम लगा हुआ है. गाड़ियां रेंग-रेंगकर आगे बढ़ रही हैं. पूर्वी दिल्ली के गीता कॉलोनी इलाके में सड़क पर बारिश का पानी भरने की वजह से वाहनों को निकलने में परेशानी हो रही है. फ्लाईओवर के पास पानी भरने की वजह से सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहनों और पैदल चलने वालों को हो रही है. गुरुग्राम का हाल भी बहुत बुरा है. भारी बारिश की वजह से कादीपुर, पटौदी रोड और सेक्टर 10 इलाकों की सड़कों पर जलभराव हो गया है. ऐसा लग रहा है कि मानो सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं. पैदल चलने वालों को लिए तो सड़क पर कोई जगह खाली ही नहीं बची. गुरुग्राम पुलिस प्रशासन ने तमाम कंपनियों को निर्देश दिए है कि वो अपने कर्मचारियों को आज के लिए वर्क फ्रॉम होम की सुविधा दें।

