







Thar पोस्ट न्यूज। राजस्थान में मॉनसून सक्रिय है। हालांकि मॉनसून टर्फ लाइन उत्तर की ओर सरक रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 3 अगस्त को जयपुर, दौसा, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सीकर, झुंझुनूं, चूरू, बीकानेर, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है। 4 अगस्त को शेखावाटी क्षेत्र, बीकानेर संभाग तथा जयपुर-भरतपुर संभाग के कुछ इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है, जबकि पश्चिमी और दक्षिणी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने का अनुमान है। 5 अगस्त को पूर्वी राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में छिटपुट बारिश हो सकती है, जबकि प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम सामान्य रहने और भारी बारिश की संभावना कम है।मानसून की टर्फ लाइन राजस्थान में उत्तर की ओर शिफ्ट हो गई है। इसके प्रभाव से अगले तीन दिन उत्तरी राजस्थान के हिस्सों में आने वाले जिलों में रुक-रुक कर वर्षा हो सकती है। शेष राजस्थान में अगले एक सप्ताह तक मानसून की सक्रियता कम रहेगी। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार 3 से 5 अगस्त के बीच बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।

पश्चिमी राजस्थान में तापमान में राहत
रविवार को हुई बारिश के बाद पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में अधिकतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री, जैसलमेर में 34.1 डिग्री, जोधपुर में 32.5 डिग्री और बीकानेर में 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे उमस और गर्मी से लोगों को राहत मिली। रविवार को पाली के रोहट में 67 मिमी, रायपुर में 54 मिमी, जोधपुर के कुड़ी भगतासनी में 49 मिमी, राजसमंद के खमनोर में 45 मिमी, भीलवाड़ा के डाबला में 42 मिमी, अजमेर के जवाजा में 38 मिमी और सरवर में 35 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा चित्तौड़गढ़, नागौर, टोंक, जैसलमेर, डूंगरपुर, उदयपुर, सिरोही, कोटा, बारां और दौसा सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड हुई।
