






Thar पोस्ट न्यूज। देर रात रविवार को बालोतरा में राष्ट्रीय राजमार्ग-125 पर हुए भीषण सड़क हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा भांडियावास गांव के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आगे चल रहे डंपर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी।

वहां आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्कॉर्पियो में फंसे घायलों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया, तीन युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
गंभीर रूप से घायल अन्य लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद 108 एम्बुलेंस समय पर नहीं पहुंची। ऐसे में निजी एम्बुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से घायलों एवं मृतकों को बालोतरा के राजकीय नाहटा अस्पताल पहुंचाया गया। नाहटा अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल मरीजों को बेहतर इलाज के लिए जोधपुर रैफर किया गया। वहां उपचार के दौरान दो और युवकों की मौत हो गई। इसके साथ ही इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई, जबकि तीन अन्य घायलों का उपचार जारी है।
