Thar पोस्ट न्यूज। देश मे बढ़ती समस्याओं के बीच लोग धैर्य खोने लगे हैं। राजस्थान के भरतपुर जिले की बयाना विधायक ऋतु बनावत से विवाद के बाद बयाना नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी (EO) अनीता कुशवाह को निलंबित कर दिया गया है. नगर पालिका की समीक्षा बैठक के दौरान विधायक डॉ. ऋतु बनावत और ईओ के बीच तीखी नोकझोंक हुई थी. इससे पहले विधायक ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर नगर पालिका में टेंडर प्रक्रिया और सफाई व्यवस्था में कथित अनियमितताओं की शिकायत करते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की थी.विधायक डॉ. ऋतु बनावत ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में आरोप लगाया था कि नगर पालिका बयाना में सफाई एवं अन्य कार्यों के टेंडर नियमों की अनदेखी कर जारी किए गए.
पत्र के अनुसार कुछ निविदाओं को इस तरह संचालित किया गया जिससे एक विशेष फर्म को लाभ पहुंचाया जा सके. विधायक ने आरोप लगाया कि निविदा प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई और संबंधित अधिकारियों ने नियमों का पालन नहीं किया।
शुक्रवार को नगर पालिका में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान भी सफाई टेंडर का मुद्दा गर्मा गया. विधायक ने जब फाइलों की जांच की तो उन्होंने सफाई का ठेका लगातार एक ही फर्म को दिए जाने पर सवाल उठाए. उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि आखिर बार-बार एक ही फर्म को काम क्यों दिया जा रहा है और इसकी जांच क्यों नहीं कराई जानी चाहिए. बैठक के दौरान उस समय माहौल और गरमा गया जब ईओ के भतीजे नितिन कुशवाहा ने बीच में हस्तक्षेप करते हुए टिप्पणी कर दी. विधायक ने उसकी पहचान पूछी और अधिकारियों की बैठक में बीच में नहीं बोलने की बात कही.
इस पर ईओ अनीता कुशवाह नाराज हो गईं और विधायक तथा ईओ के बीच तीखी बहस शुरू हो गई. बातचीत का स्तर भी काफी तल्ख हो गया था. हालांकि बाद में मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया।