ताजा खबरे
IMG 20231123 090506 95 दिल्ली में आप पार्टी की घोषणा के बाद पीएम आवास के पास कड़ी सुरक्षा Rajasthan News Portal देश
Share This News

Thar पोस्ट। चुनाव नजदीक आने के साथ ही देश में जहाँ प्रमुख दल अपने उम्मीदवारों की सूचियां जारी कर रहे है वहीं आप की ओर से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आवास का घेराव करने के आह्वान के बाद पुलिस ने सात, लोक कल्याण मार्ग की सुरक्षा कड़ी कर दी है। सात, लोक कल्याण मार्ग प्रधानमंत्री का आधिकारिक आवास है। पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी के कई अन्य इलाकों में भी सुरक्षा कड़ी की है। दिल्ली यातायात पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शन की वजह से नयी दिल्ली और मध्य दिल्ली के इलाकों में आवाजाही प्रभावित हो सकती है दिल्ली पुलिस के अधिकारी ने कहा, “सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। हमने क्षेत्र में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई स्तर की सुरक्षा व्यवस्था की है।” उन्होंने बताया, “प्रधानमंत्री आवास के आसपास (दंड प्रक्रिया संहिता की) धारा 144 पहले से लागू है और किसी को भी प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जाएगी।” दिल्ली सरकार में मंत्री गोपाल राय ने केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास का घेराव करने की योजना का ऐलान किया था। राय ने यह भी कहा था कि राष्ट्रव्यापी स्तर पर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अब रद्द की जा चुकी आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन से संबंधित मामले में 21 मार्च को केजरीवाल को गिरफ्तार किया था। वह गुरुवार तक एजेंसी की हिरासत में हैं। केंद्रीय एजेंसी ने ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक पर शराब व्यापारियों को लाभ देने के बदले में उनसे रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। ईडी ने केजरीवाल पर ‘आप’ नेताओं, मंत्रियों और अन्य व्यक्तियों के साथ मिलकर अब रद्द की जा चुकी नीति का “सरगना और मुख्य साजिशकर्ता” होने का भी आरोप लगाया है।


Share This News