IMG 20220712 222522 3 लड़की ने हनीट्रैप में फंसाकर युवक से 15 लाख रुपये मांगे Rajasthan News Portal राजस्थान
Share This News

Thar पोस्ट, न्यूज। राजस्थान में लुटेरी दुल्हन के साथ हनीट्रैप के मामले बढ़ रहे हैं। चित्तौड़गढ़ में हनी ट्रैप में एक युवक को फंसाकर 15 लाख रुपए मांगने का मामला सामने आया है। कोतवाली चित्तौड़गढ़ थाना पुलिस ने ब्लैकमेलिंग के आरोप में अजमेर की रहने वाली एक युवती और उसके साथी युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवती पीड़ित युवक को दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर 15 लाख रुपए की मांग कर रही थी। इस बारे में चित्तौड़गढ़ के पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत ने बताया कि चित्तौड़गढ़ शहर के रहने वाले युवक को आरोपी युवती ने इंस्टाग्राम पर मैसेज भेजकर बातों ही बातों में उलझाकर दोस्ती कर ली। वहां उसने खुद को मुसीबत में फंसा हुआ बताकर युवक से 21 जनवरी को पांच हजार रुपए पेटीएम के जरिए ले लिए। उसके बाद युवती उसे मैसेज करती रही। युवक किसी काम से अजमेर गया। वहां 28 जनवरी को उसकी आशा माली नाम की लड़की से पहली बार मुलाकात हुई। जहां वह उसे अपने मकान पर माता-पिता और परिवार से मिलाने की बात कहकर ले गई। इस बीच युवती ने चाय में नशीला पदार्थ मिला कर युवक को बेहोश कर दिया। फिर युवती ने उसके साथ क्या किया उसे पता नहीं चला। लगभग तीन घंटे बाद उसे होश आया। फिर वह उसे अस्पताल ले जाने की बात कहने लगी। लेकिन युवक वहां से चितौड़गढ़ के लिए निकल गया।

झुठे मामले में फंसाने की धमकी देकर मांगे 15 लाख : युवती 29 जनवरी को सुबह से फोन कर युवक को मिलने के लिए बार-बार कह रही थी। फिर उसने अचानक शाम चार बजे चित्तौड़गढ़ कलेक्ट्री चौराहे पर आकर युवक को अर्जेंट मिलने के लिए बुलाया। युवक कलेक्ट्री चौराहे पर पहुंचा तो वहां युवती के साथ एक आदमी और था, जिसका नाम पप्पू बंजारा था। उसने युवक को कलेक्ट्री चौराहे पर ही 15 लाख रुपये की अवैध वसूली के लिए कहकर दुष्कर्म के झुठे मुकदमे में फंसाने और रुपये न देने पर मरने-मारने की धमकी दी। पुलिस अधीक्षक राजन दुष्यंत ने बताया कि युवती ने युवक को चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया जिससे वह बेहोश हो गया। फिर युवती ने उसके साथ गलत काम कर युवक की तस्वीरें खींचकर अपने पास रख लीं। इसके बाद ब्लैकमेलिंग के जरिए अवैध वसूली करने के लिए झूठे मुकदमें में फंसाने की धमकी देने के मामले में पुलिस थाना कोतवाली चित्तौड़गढ़ ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता के मद्देनजर चित्तौड़गढ़ के कोतवाली थानाधिकारी के नेतृत्व में टीम बनाकर कार्रवाई की। पुलिस ने अजमेर के हरिभाऊ उपाध्यय नगर और वर्तमान में लोहागंज जनाना अस्पताल के पास रहने वाली आशा माली (32) और उसके सहयोगी आजाद नगर के बागरिया बस्ती के रहने वाले भगतसिंह उर्फ पप्पू बंजारा को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच ASI सुनील कुमार कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि बीकानेर, जोधपुर, अलवर, गंगानगर, हनुमानगढ़ में भी ऐसे मामले हाल ही के वर्षों में हुए है।


Share This News