IMG 20221004 193016 22 दो कारों में 6 करोड़ रुपए बरामद, 10 घंटे लगे गिनने में Rajasthan News Portal राजस्थान
Share This News

Thar पोस्ट, न्यूज। दो कारों में मिले 6 करोड़। इस मामले में पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए दो कारों में भरकर ले जा रहे 6 करोड़ रुपए बरामद किए है। सनसनीखेज मामला हवाला कारोबार से जुड़ा है। यह कार्रवाई सिरोही पुलिस ने राजस्थान गुजरात बोर्डर पर की है। रुपए गिनने में 10 घंटे का वक्त लग गया। जब्त की गई नगदी शिवगंज से दो कारों में भरकर अहमदाबाद ले जाई जा रही थी। कार्रवाई के बाद पुलिस ने इस संबंध में आयकर विभाग की टीम को भी बुला लिया। पुलिस ने इस मामले में नगदी ले जा रहे चार लोगों को पकड़ा है। नगदी अहमदाबाद में किस को हैंडओवर की जानी थी उसका अभी तक खुलासा नहीं हो पाया। सिरोही जिले में हवाला कारोबार के खिलाफ सबसे बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर इलाके में नाकाबंदी कर मावल के पास दो कारों को रुकवाया। दोनों कारों की तलाशी लेने पर उनमें भारी मात्रा में नगदी भरी हुई मिली। हवाला की यह नगदी कारों में सीटों के नीचे छिपाई हुई थी। कारों में करोड़ों रुपये देखकर पुलिस हैरान रह गई। कार सवार लोगों से नगदी के बारे में पूछा तो वे कुछ जवाब नहीं दे पाए। इस पर पुलिस दोनों कारों में सवार चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर नगदी को अपने कब्जे में ले लिया। बाद में आरोपियों और नगदी को आबू रोड रीको थाने ले जाया गया। वहां पुलिस ने थाने में नगदी गिनने के लिए मशीन मंगवाई। पुलिस का नगदी की गिनती में पूरे 10 घंटे लगे। कार्रवाई के तत्काल बाद इसकी सूचना सूचना जोधपुर आयकर विभाग को दी गई। इस पर आयकर विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। उसने भी आरोपियों से नगदी के बारे में पूछताछ की लेकिन वे कोई संतोषप्रद जवाब नहीं दे पाए। पुलिस ने नगदी ले जाते हुए जिन चार लोगों को पकड़ा है उनमें साहिल प्रजापति, प्रवीण देवासी, छगनलाल और दलाराम शामिल हैं। पूरे मामले में आरोपियों के तार सिरोही में हवाला का हब कहलाने वाले शिवगंज से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं।


Share This News