IMG 20220511 111942 58 दो युवतियों ने आपस में ही शादी करने की ठानी! Rajasthan News Portal राजस्थान
Share This News

Thar पोस्ट, न्यूज बीकानेर। राजस्थान में दो युवतियों द्वारा एक दूसरे से शादी करने का मामला तेज़ी से चर्चित हो रहा है। एक-दूसरे से शादी रचाने के लिए 2 युवतियां करीब ढाई महीने पहले घर से भाग गई थीं। इसके बाद घरवालों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने देखा कि दोनों बालिग हैं, इसलिए एक्टिव नहीं हुई। घरवाले ही ढूंढते-ढूंढते उदयपुर पहुंचे। दोनों युवतियों ने घरवालों के साथ जाने से इनकार कर दिया। मंगलवार को उदयपुर के डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में पेशी हुई तो साफ कहा- हम एक-दूसरे से प्यार करते हैं। पति-पत्नी की तरह रहना चाहते हैं। फिलहाल कोर्ट ने दोनों को नारी निकेतन भेज दिया है। बुधवार को फिर सुनवाई होगी।

अजमेर शहर की रहने वाली दो युवतियां एक ही समाज की हैं। 3 साल पहले सामाजिक कार्यक्रमों में दोनों की मुलाकात हुई थी। इसके बाद दोनों का एक-दूसरे के घर आना-जाना शुरू हो गया। करीब ढाई महीने पहले दोनों अपने घर से गायब हो गईं। परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
घरवाले पहुंचे उदयुुपर
परिजन ढूंढते-ढूंढते उदयपुर पहुंचे। उन्हें दोनों के झाड़ोल में होने का पता चला। इसके बाद परिजनों ने झाड़ोल (उदयपुर) की एसीजीएम कोर्ट में जानकारी देकर गुमशुदा युवतियों के बारे में बताया। झाड़ोल कोर्ट के आदेश पर मंगलवार को पुलिस दोनों युवतियों को लेकर उदयपुर कोर्ट पहुंची।
सुनवाई के दौरान दोनों युवतियों ने कहा कि वे पिछले 3 सालों से अच्छी सहेलियां हैं। उन्हें किसी और से शादी नहीं करनी है। वे एक-दूसरे का जीवन साथी बनकर रहना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि समलैंगिक संबंधों को परिवार और समाज कभी स्वीकार नहीं कर सकता। ऐसे में मजबूर होकर उन्हें घर और शहर से दूर भागना पड़ा है।
लिव इन रिलेशनशिप में रहने वाली बात करती रहीं।

दोनों युवतियां लिव इन रिलेशनशिप में रहने को लेकर शपथ पत्र होने की बात भी कहती रहीं। कोर्ट में अजमेर से आए दोनों युवतियों के एक दर्जन से ज्यादा परिजन उन्हें बार-बार समझाते रहे। मगर वे टस से मस नहीं हुईं। झाड़ोल थाने के एएसआई इन्द्रसिंह और अन्य पुलिसकर्मी दोनों युवतियों को लेकर उदयपुर पहुंचे थे। एक युवती की उम्र 21 साल और एक की 20 साल है। एक अजमेर के कॉलेज में फर्स्ट ईयर और दूसरी स्कूल में 12वीं की छात्रा है।


Share This News