





Thar पोस्ट न्यूज। बीकानेर के औद्योगिक विकास को लेकर हुई सकारात्मक चर्चा। बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया ने बताया कि संघ के प्रतिनिधियों ने बीकानेर के औद्योगिक क्षेत्रों के विकास एवं विस्तार के लिए जयपुर में रीको लिमिटेड के अध्यक्ष शिखर अग्रवाल से मुलाक़ात की | प्रतिनिधिमंडल में शामिल सचिव वीरेंद्र किराडू एवं संयोजक राजीव शर्मा ने बताया कि तिलम संघ की भूमि जो कि वर्षों से खाली पड़ी है इसमें तकरीबन 75 से 90 लघु उद्योग की इकाइयां आसानी से स्थापित हो सकती है |



इस पर रीको अध्यक्ष ने क्षेत्रीय प्रबन्धक रीको बीकानेर से रिक्त भूखंड का पूर्ण विवरणकी जानकारी एवं मौका रिपोर्ट शीघ्र मुख्यालय को प्रस्तुत करने के आदेश प्रदान किये | बीछवाल करणी औद्योगिक क्षेत्र की लिंक रोड़ पर स्थित रेल फाटक पर आरओबी बनाने की मांग पर अध्यक्ष ने शीघ्र ही क्षेत्रीय प्रबंधक को सार्वजनिक निर्माण विभाग एवं रेल से मिलकर आरओबी निर्माण में आने वाले खर्च एवं नक्शा रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा | साथ ही बीछवाल-करणी औद्योगिक क्षेत्र स्थित फाटक के दोनों तरफ हाईमास्ट लाईट लगवाने के निर्देश दिए गये |
साथ ही रानीबाजार औद्योगिक क्षेत्र की बिजली, सफाई एवं सड़क व्यवस्था को शीघ्र ही सुव्यवस्थित करवाने का आश्वासन दिया | तथा रानीबाजार औद्योगिक क्षेत्र की 5 नंबर रोड़ के चौराहे पर उद्योग सर्किल बनवाने हेतु मौका रिपोर्ट भिजवाने के भी निर्देश दिए गये | बीछवाल-करणी औद्योगिक क्षेत्रों का सौन्दर्यकरण करते हुए नेशनल हाइवे से एंट्री गेट बनाने के लिए प्रपोजल व एस्टीमेट रीको क्षेत्रीय कार्यालय बीकानेर से मंगवाए गये |
इसके साथ ही रीको द्वारा नगर निगम से रानीबाजार औद्योगिक क्षेत्र में करवाई जा रहे सफाई ठेके को भी पुन: शुरू करने के निर्देश भी प्रदान किये गये | इसी संदर्भ में प्रतिनिधिमंडल द्वारा प्रबंध निदेशक को भी इन समस्याओं से अवगत करवाया गया साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने रीको अध्यक्ष व प्रबंध निदेशक को बीकानेर जिला उद्योग संघ में उद्यमियों एवं औद्योगिक संगठनों से चर्चा हेतु निमंत्रण भी दिया गया |