






Thar पोस्ट न्यूज बीकानेर। विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर शुक्रवार को इण्डियन रेडक्रॉस सोसायटी, बीकानेर के तत्वावधान में राजकीय टी.बी क्लीनिक सभागार में ‘रोग नियंत्रण एवं रोकथाम में चिकित्सक, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल कार्मिको एवं विद्यार्थियो की भूमिका’ विषय पर जिला स्तरीय गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान मानव सेवा, आपदा राहत और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में स्थानीय स्तर से लेकर अंतरराष्ट्रीय पटल तक रेडक्रॉस के योगदान पर चर्चा गई। पीबीएम अस्पताल अधीक्षक डॉ. बी.सी. घीया ने दीप प्रज्वलन के साथ इसकी शुरूआत की।


रेडक्रॉस के मानवीय कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि आज के दौर में आपदा प्रबंधन, रक्तदान और स्वास्थ्य जागरूकता जैसे क्षेत्रों में यह संगठन अग्रणी भूमिका निभा रहा है। डॉ. घीया ने बीकानेर जिले में रेडक्रॉस की सक्रियता को प्रोत्साहित करते हुए युवाओं को स्वयंसेवक बनने का आह्वान किया।
स्टेट वाइस चेयरमैन विजय खत्री ने अंतरराष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि विश्व रेडक्रॉस दिवस हेनरी ड्यूनांत की स्मृति में मनाया जाता है, जिन्होंने 1863 में अंतरराष्ट्रीय रेडक्रॉस समिति की स्थापना की। खत्री ने वैश्विक स्तर पर संगठन की उपलब्धियों का उल्लेख किया। इनमें युद्ध प्रभावित क्षेत्रों में सहायता, प्राकृतिक आपदाओं में त्वरित प्रतिक्रिया और जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न चुनौतियों का सामना।
उन्होंने आपदा प्रबंधन की तैयारियों पर सुझाव दिए। विभिन्न वक्ताओं ने रेडक्रॉस के भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की, जिसमें डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से जागरूकता बढ़ाना और ग्रामीण क्षेत्रों में विस्तार शामिल है।
प्रारंभिक सत्र में जिला चेयरमैन राजेन्द्र जोशी ने विषय प्रवर्तन किया। उन्होंने रेडक्रॉस की स्थानीय गतिविधियों पर प्रकाश डाला, जिसमें रक्तदान शिविर, ग्रामीण स्वास्थ्य कैंप, आपदा प्रभावितों को सहायता और जागरूकता अभियान शामिल हैं। जोशी ने बताया कि बीकानेर इकाई ने विगत वर्षों में सैकड़ों जरूरतमंदों को सहारा प्रदान किया है, विशेषकर कोविड-19 महामारी के दौरान। उन्होंने संगठन के सिद्धांतों-मानवता, निष्पक्षता और स्वैच्छिक सेवा पर बल देते हुए सदस्यों को और सक्रिय होने का संदेश दिया।
जिला उपाध्यक्ष डॉ. तनवीर मालावत ने स्थानीय स्वास्थ्य चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए रेडक्रॉस की भूमिका को मजबूत करने पर जोर दिया।
जिला प्रशासन के अधिकारी, चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता और रेडक्रॉस के स्वयंसेवक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जिला क्षय रोग निवारण अधिकारी डॉ सीएस मोदी, डॉ अनिल कुमार वर्मा, डॉ वीके असवाल व शत्रुध्न पारीक का रेडक्राॅस के प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण के कार्य में तथा राजकीय नर्सिंग स्कूल प्राचार्य अब्दुल वाहिद, डॉ. तनवीर मालावत नर्सिंग कॉलेज के प्राचार्य मोहम्मद इलियास तथा दोनो नर्सिंग इन्स्टीट्यूट के विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। शहर के सैकड़ो नर्सिंग स्कूल के विधार्थियों ने शिरकत की।
कार्यक्रम में मोहम्मद शाकिर, विष्णु खत्री, डाॅ.त्रिलोक शर्मा, ब्रह्मा मोदी सहित अनेक महानुभाव उपस्थित हुए।
जिला क्षय रोग निवारण अधिकारी डाॅ. सी. एस. मोदी ने आभार व्यक्त किया।