






Thar पोस्ट न्यूज। रबी सीजन में कृषि विभाग की सख्ती, उर्वरक व कीटनाशी विक्रेता फर्मों का औचक निरीक्षण












बीकानेर।रबी फसलों की बुवाई के मद्देनजर किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि आदानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा कालाबाजारी एवं अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए कृषि विभाग द्वारा सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विभागीय उच्च स्तरीय दल ने उर्वरक विक्रेता फर्म ‘श्री खाद’ सहित कीटनाशी विक्रेता फर्म का औचक निरीक्षण किया निरीक्षण दल में कृषि (विस्तार) बीकानेर खंड के अतिरिक्त निदेशक श्री हीरेन्द्र कुमार शर्मा एवं सहायक निदेशक कृषि श्री सुभाष चन्द्र बिश्नोई शामिल रहे।
कृषि (विस्तार) बीकानेर खंड के अतिरिक्त निदेशक श्री हीरेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान फर्मों के भौतिक स्टॉक, पीओएस (POS) मशीन के रिकॉर्ड, स्टॉक रजिस्टर एवं बिलिंग प्रक्रिया की गहन जांच की।इस दौरान गुणवत्ता परीक्षण के लिए सहायक निदेशक कृषि श्री सुभाष चन्द्र बिश्नोई ने कीटनाशी विक्रेता फर्म से कीटनाशी के तीन नमूने आहरित किए। निरीक्षण में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित फर्म के कीटनाशी विक्रय पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाते हुए उसे कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
अतिरिक्त निदेशक श्री हीरेन्द्र कुमार शर्मा ने सभी कृषि आदान विक्रेताओं को निर्देश दिए कि उर्वरकों एवं कीटनाशकों का वितरण विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी तरीके से किया जाए। किसानों को केवल मानक एवं प्रमाणित उत्पाद उपलब्ध कराए जाएं तथा प्रत्येक बिक्री पर अनिवार्य रूप से पक्का बिल जारी किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों की अवहेलना अथवा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित फर्म के विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश एवं कीटनाशी अधिनियम के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर अधिकारियों ने क्षेत्र के किसानों से अपील की कि रबी फसलों के लिए खंड में उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। किसान किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा अनावश्यक भंडारण से बचें। काश्तकार अपनी वास्तविक आवश्यकता के अनुसार ही उर्वरकों एवं कीटनाशकों की खरीद करें।
