

Thar पोस्ट। राजस्थान में अपराध पर नियंत्रण के लिए सूबे की पुलिस ने व्यापक स्तर पर कार्रवाई की है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए विशेष एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया। इस राज्यव्यापी महाअभियान के तहत पुलिस की टीमों ने केवल एक ही दिन में प्रदेश के 17,049 चिह्नित संदिग्ध ठिकानों पर अचानक ताबड़तोड़ दबिश दी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 7744 अपराधियों और असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया। प्रदेशव्यापी स्ट्राइक को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस विभाग ने 12,151 पुलिस अधिकारियों और जवानों को मिलाकर कुल 2,961 विशेष टीमों का गठन किया।










पुलिस की इन टीमों को विभिन्न जिलों में चिह्नित ठिकानों पर छापेमारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। पुलिस का मुख्य ध्यान संगठित अपराध, नशे की तस्करी, जघन्य अपराधों में संलिप्त तत्वों और आदतन अपराधियों को पकड़ने पर रहा। अभियान के दौरान पुलिस ने 55 इनामी अपराधियों तथा 354 हार्डकोर अपराधियों, सक्रिय हिस्ट्रीशीटरों एवं मादक पदार्थ तस्करों को सलाखों के पीछे भेजा। इसके अतिरिक्त पुलिस ने हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और डकैती जैसे जघन्य अपराधों में वांछित 95 अपराधियों को दबोचा।
पुलिस की टीमों ने आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट में 141 तथा आबकारी अधिनियम के तहत 173 आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की।अभियान के तहत पुलिस ने अदालतों से भगोड़े, स्थायी वारंटी, उद्घोषित अपराधी तथा 335 बीएनएसएस के तहत 922 आरोपियों को पकड़ा। पुलिस ने गोलीबारी और अवैध हथियारों के मामलों में चालान किए गए 164 सक्रिय अपराधियों पर भी शिकंजा कसा। इस दौरान पुलिस ने 787 नए आपराधिक मामले दर्ज किए। सामान्य मुकदमों में वांछित चल रहे 677 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने 170 बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए 3,283 व्यक्तियों और अन्य मामलों में 1,756 व्यक्तियों को हिरासत में लिया। इस प्रकार पुलिस ने प्रदेश भर में कुल 7,744 गिरफ्तारियां दर्ज कीं।
