






Thar पोस्ट न्यूज।अस्पतालों की कैंटीन, कैफेटेरिया, भोजनालय एवं रेस्टोरेंट का किया जा रहा सघन निरीक्षण एवं नमूनीकरण।












बीकानेर। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण, आयुक्तालय मुख्यालय श्री अविचल चतुर्वेदी के निर्देशानुसार 24 से 30 सितंबर तक प्रदेशभर में सरकारी एवं निजी अस्पतालों तथा उनके आसपास संचालित कैंटीन, कैफेटेरिया, भोजनालय एवं रेस्टोरेंट का सघन निरीक्षण एवं नमूनीकरण अभियान चलाया जा रहा है।
अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बीकानेर डॉ. पुखराज साध ने बताया कि अभियान के तहत 26 सितंबर को जीवन रक्षा हॉस्पिटल में संचालित कैंटीन एवं रसोई, बीएलएच फूड पवनपुरी तथा देसी जायका ढाबा का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रतिष्ठानों पर खाद्य लाइसेंस, फूड हैंडलर्स की मेडिकल परीक्षण रिपोर्ट तथा पेयजल जांच रिपोर्ट सहित आवश्यक रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं मिले। इस पर संबंधित संचालकों को सुधार के लिए मौके पर ही नोटिस जारी किए गए।
चार खाद्य नमूने लिए, साफ-सफाई में मिली कमियां
निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रतिष्ठानों पर साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई। संबंधित फर्मों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत इंप्रूवमेंट नोटिस जारी किए जा रहे हैं। कार्रवाई के दौरान कुल चार खाद्य नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
खाद्य विभाग की टीम ने कैंटीन एवं खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने, खाद्य पदार्थों का उचित भंडारण करने, खाद्य संचालकों की व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, परिसर की नियमित साफ-सफाई रखने, पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा कच्चे एवं पके खाद्य पदार्थों के उचित रख-रखाव के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
यह कार्रवाई बीकानेर जिले के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों श्री श्रवण कुमार वर्मा, श्री भानू प्रताप सिंह गहलोत, श्री सुरेंद्र कुमार, श्री राकेश गोदारा, श्री निशांत चारण, श्रीमती सोना रानी, श्री इंद्रजीत ढाका, श्रीमती ममता सोनगरा एवं श्री महावीर मेघवाल द्वारा की गई।
