


Thar पोस्ट न्यूज। राजस्थान में अब मॉनसून की विदाई नजदीक है लेकिन इससे पहले बारिश के आसार बने हुए है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 26 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। अजमेर, पाली समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। बारिश के साथ चली हवाओं के कारण कई शहरों में दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई और गर्मी-उमस से राहत मिली। सिरोही, डूंगरपुर, उदयपुर और अजमेर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। वहीं प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस जैसलमेर में दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से आया लो-प्रेशर सिस्टम अब गुजरात के कच्छ के आसपास बना हुआ है। इसके असर से दो दिन अजमेर, भरतपुर, कोटा, धौलपुर, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, माउंट आबू, डूंगरपुर, जालोर, राजसमंद और नागौर व पश्चिमी राजस्थान के जिलों में भी बारिश के आसार है। 19 सितबर के बाद मॉनसून विदाई लेने लगेगा।

