





Thar पोस्ट। राजस्थान के नजदीक पहुंचे मानसून से जल्द मौसम में बदलाव देखने को मिलेंगे। मानसून राजस्थान के दक्षिणी द्वार बांसवाड़ा के बिल्कुल नजदीक पहुंच गया है।मौसम विभाग के अनुसार राज्य के पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में परिस्थितियां तेजी से अनुकूल हो रही हैं और अगले कुछ घंटो में मानसून राजस्थान में प्रवेश कर जाएगा। पहले दक्षिणी पूर्वी जिलों में बारिश होगी।

गर्मी का सितम झेल रहे जोधपुर और बीकानेर संभाग में भी 3 से 4 जुलाई के बीच मौसम बदलने के संकेत हैं। मौसम विभाग ने 3 से 6 जुलाई के दौरान कुछ क्षेत्रों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक उदयपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर और जयपुर संभाग के जिलों में अगले 24 घंटे के दौरान बारिश का दायरा बढ़ेगा। 4 और 5 जुलाई को कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ इलाकों में भारी से अतिभारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
विभाग ने तात्कालिक चेतावनी जारी करते हुए जयपुर, अजमेर, ब्यावर, टोंक, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ और कोटपूतली-बहरोड़ जिलों में कहीं-कहीं मध्यम से तीव्र मेघगर्जन, बिजली चमकने, 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है।