





Thar पोस्ट। बीकानेर जिले के पीबीएम अस्पताल में शनिवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब 16 नंबर ओपीडी में तैनात एक नर्सिंगकर्मी द्वारा सोशल मीडिया पर महाराणा प्रताप को लेकर कथित आपत्तिजनक पोस्ट शेयर करने का मामला सामने आया। पोस्ट वायरल होते ही अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया और नर्सिंगकर्मियों के साथ-साथ हिंदूवादी संगठनों में भारी रोष फैल गया। कई नर्सिंगकर्मी और हिंदूवादी संगठनों से जुड़े लोग सीधे पीबीएम अस्पताल की 16 नंबर ओपीडी पहुंच गए। यहां संबंधित नर्सिंगकर्मी को लेकर काफी देर तक हंगामा होता रहा। माहौल इतना गरमा गया कि ओपीडी क्षेत्र में अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई और आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। मामला बढ़ता देख संबंधित नर्सिंगकर्मी ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए मौके पर ही माफी मांग ली। इसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ। हालांकि घटना के बाद अस्पताल परिसर में पूरे दिन इस मामले की चर्चा होती रही।


