





Thar पोस्ट न्यूज। बीकानेर जिले में एक संदिग्ध गिरफ्तार किया गया है। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे जैसलमेर जिले में एंटी-टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। गणतंत्र दिवस से ठीक पहले खुफिया इनपुट के आधार पर ATS ने तनोट-किशनगढ़ क्षेत्र के कुरिया बेरी गांव से एक संदिग्ध मौलवी को हिरासत में लिया है। इस कार्रवाई के बाद सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार व्यक्ति की पहचान अली खान के रूप में हुई है, जो बीकानेर जिले की छत्तरगढ़ तहसील का निवासी बताया जा रहा है। ATS की टीम पिछले कई दिनों से उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी। शनिवार देर शाम जयपुर से पहुंची ATS टीम ने योजनाबद्ध तरीके से गांव को घेरते हुए उसे हिरासत में लिया और तुरंत जयपुर ले जाया गया। बताया जा रहा है कि संदिग्ध से अब जयपुर में गहन पूछताछ की जाएगी। सुरक्षा एजेंसियां यह जांच कर रही हैं कि कहीं वह किसी आतंकी स्लीपर सेल, सीमा पार जासूसी नेटवर्क या राष्ट्रविरोधी गतिविधियों से तो जुड़ा नहीं है।




