








Thar पोस्ट न्यूज, बीकानेर। उप राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को जिलेभर में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को बाईवेलेंट ओरल पोलियो वैक्सीन की दो बूंदें पिलाई गईं। अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, मुक्ता प्रसाद नगर में विधायक बीकानेर पश्चिम श्री जेठानंद व्यास एवं जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन ने बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाकर किया।






रोटरी क्लब ऑफ़ बीकानेर रॉयल्स के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में विधायक श्री जेठानंद व्यास ने उपस्थित आमजन एवं समाजसेवियों से अपील की कि वे पूरे क्षेत्र में भ्रमण कर प्रत्येक घर तक पहुंचें तथा यह सुनिश्चित करें कि पांच वर्ष तक का एक भी बच्चा पोलियो की दो बूंद से वंचित नहीं रहे। उन्होंने यूपीएचसी तथा यूसीएचसी का निरीक्षण भी किया।
जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध तथा जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भवानी शंकर गहलोत को अभियान की सघन मॉनिटरिंग करने तथा शत-प्रतिशत लक्षित बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डॉ. साध ने बताया कि अभियान के तहत जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 1,662 बूथ स्थापित किए गए हैं। अभियान के अंतर्गत 0 से 5 वर्ष तक के 4,29,261 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
डॉ. गहलोत ने बताया कि अभियान के लिए 332 बूथ सुपरवाइजर, 59 ट्रांजिट टीमें तथा 67 मोबाइल टीमें कार्य कर रही हैं। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित प्रमुख आवागमन स्थलों पर ट्रांजिट टीमें तथा ईंट-भट्टों, स्लम एवं कच्ची बस्तियों, ढाणियों, घुमंतू समुदायों और अन्य हाई रिस्क क्षेत्रों में मोबाइल टीमें तैनात की गई हैं।
इस अवसर पर विश्व स्वास्थ्य संगठन के एसएमओ डॉ. अनुरोध तिवारी, अस्पताल प्रभारी डॉ. एस.पी. खत्री, डॉ. कल्पना डांगी, समाजसेवी दिनेश शर्मा, कौशल शर्मा, कपिल शर्मा, भारत भूषण भाकर, लेखा सहायक कैलाश मारू सहित नर्सिंग स्टाफ, आशा सहयोगिनियां, एएनएम एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
रोटरी क्लब रॉयल्स ने निभाई सक्रिय भूमिका
उद्घाटन कार्यक्रम में रोटरी क्लब रॉयल्स की ओर से बच्चों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। क्लब की ओर से सहायक प्रांतपाल आनंद आचार्य, राजेश बबेजा, राजेश खत्री, संजय गेरा, सुनील गेरा, कमल तनेजा एवं श्रवण सैनी ने अभियान में सहयोग किया।
शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुक्ता प्रसाद नगर के विकास कार्यों पर चर्चा
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय प्रतिनिधियों ने शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मुक्ता प्रसाद नगर में जनाना वार्ड के संचालन, अतिरिक्त चिकित्सक लगाने तथा अन्य आवश्यक विकास कार्यों को लेकर विधायक श्री जेठानंद व्यास, जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से चर्चा की।