



Thar पोस्ट न्यूज, बीकानेर। श्री ओसवाल डागा बंधु महासंघ का राष्ट्रीय अधिवेशन 3 एवं 4 अक्टूबर 2026 को बीकानेर के गंगाशहर स्थित हंशा गेस्ट हाउस में आयोजित होगा। अधिवेशन में देशभर के विभिन्न शहरों एवं राज्यों में निवासरत डागा परिवारों के प्रतिनिधियों एवं सदस्यों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन को लेकर महासंघ की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

महासंघ पदाधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय अधिवेशन का मुख्य उद्देश्य देशभर के डागा परिवारों को एक साझा मंच पर लाकर आपसी संपर्क, सहयोग और संगठन को मजबूत करना है। अधिवेशन में पारिवारिक, व्यापारिक, शैक्षिक एवं सामाजिक क्षेत्रों में परस्पर सहयोग बढ़ाने को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही संगठन के आगामी कार्यों और समाज को अधिक सक्रिय एवं संगठित बनाने की दिशा में भी चर्चा होगी।
आयोजकों के अनुसार देश के विभिन्न शहरों और राज्यों में बड़ी संख्या में डागा परिवार निवासरत हैं, लेकिन इनमें से कई परिवारों के संपर्क सूत्र संगठन के पास उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे परिवारों को संगठन से जोड़ने के लिए समाज के लोगों से अपने-अपने संपर्क क्षेत्रों में पहल करने का आह्वान किया गया है। महासंघ का मानना है कि व्यापक संपर्क नेटवर्क तैयार होने से आवश्यकता के समय परिवारों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाएं बढ़ेंगी।
अधिवेशन के दौरान समाज की विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं एवं समाजसेवियों का सम्मान भी किया जाएगा। 15 या उससे अधिक की तपस्या पूर्ण करने वाले सदस्यों को तपस्वी सम्मान प्रदान किया जाएगा। वहीं कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले डागा परिवारों के विद्यार्थियों को प्रतिभा सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा सिविल सर्विस अथवा अन्य विशेष क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर समाज एवं डागा गोत्र का नाम गौरवान्वित करने वाले व्यक्तियों को डागा गौरव सम्मान प्रदान किया जाएगा।
महासंघ ने सम्मान के लिए पात्र व्यक्तियों की जानकारी 30 सितंबर 2026 तक उपलब्ध करवाने का आग्रह किया है, ताकि चयन एवं सम्मान संबंधी प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके। पदाधिकारियों ने समाज के सभी परिवारों से राष्ट्रीय अधिवेशन में सहभागिता कर इसे सफल बनाने का आह्वान किया है।
अधिवेशन को सफल बनाने में अध्यक्ष हंस राज डागा, संरक्षक मिट्ठूलाल डागा, महामंत्री पारस डागा तथा राष्ट्रीय अधिवेशन संयोजक सुरेंद्र कुमार डागा सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।अधिक जानकारी के लिए 7014330853 दूरभाष नम्बर पर संपर्क किया जा सकता है।
