







Thar पोस्ट न्यूज बीकानेर/श्रीगंगानगर: राजस्थान की बीकानेर रेंज पुलिस ने नशा मुक्त समाज के अपने संकल्प को दोहराते हुए मादक पदार्थों के खिलाफ अब तक की अपनी सबसे बड़ी को अंजाम दिया है। रेंज पुलिस ने विभिन्न आपराधिक मामलों में जब्त किए गए करीब 200 करोड़ रुपये मूल्य के भारी मात्रा में मादक पदार्थों को आज नियमानुसार नष्ट कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई श्रीगंगानगर जिले के राजियासर स्थित एक सीमेंट फैक्ट्री में संपन्न हुई। इस दौरान बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) श्रीमान ओमप्रकाश और श्रीगंगानगर के पुलिस अधीक्षक (SP) श्री हरीशंकर, हनुमानगढ़ के पुलिस अधीक्षक (SP) श्री बी. आदित्य सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और विभिन्न थानों के पुलिसकर्मी मौजूद रहे। उनकी उपस्थिति में भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच इन नशीले पदार्थों का निस्तारण किया गया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत हुई कार्रवाई
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, नष्ट किए गए मादक पदार्थों को एनडीपीएस एक्ट के तहत श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिले में विभिन्न कार्यवाहियों के दौरान जब्त किया गया था। नष्ट करने से पहले कोर्ट के आदेशानुसार नियमानुसार धारा 52 (2) एनडीपीएस एक्ट के तहत इनका भौतिक सत्यापन कराया जा चुका था। इसके बाद ही आज इन्हें सीमेंट फैक्ट्री के किल (भट्ठी) में जलाकर पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।
भारी मात्रा में नष्ट किए गए मादक पदार्थ
नष्ट किए गए मादक पदार्थों का ब्योरा इस प्रकार है:
- श्रीगंगानगर: जिले के 10 प्रकरणों में व्यावसायिक मात्रा में जब्त 75 किलोग्राम 011 ग्राम हेरोइन को नष्ट किया गया। इसके अलावा, 91 अन्य मामलों में जब्त की गई स्मैक/हेरोइन (9 किलोग्राम 197 ग्राम), गांजा (3 किलोग्राम 092 ग्राम), पोस्त (672 किलोग्राम 642 ग्राम) और 1690 नशीली गोलियां भी नष्ट की गईं।
- हनुमानगढ़: जिले के व्यावसायिक मात्रा वाले 1 प्रकरण में जब्त 5 किलोग्राम 712 ग्राम एमडी (एमडीएमए) को नष्ट किया गया।
लगातार जारी रहेगा पुलिस का अभियान
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बीकानेर रेंज में अब तक नष्ट किए गए मादक पदार्थों की यह सबसे बड़ी खेपों में से एक है। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान पूरी सख्ती के साथ लगातार जारी रहेगा। बॉर्डर क्षेत्र में पुलिस की टीमें विशेष सतर्कता बरतते हुए कड़ी निगरानी रख रही हैं ताकि नशे के इस नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।
