





Thar पोस्ट न्यूज। राजस्थान में मानसून अब पूर्ण सक्रिय हो गया है। बीकानेर, जैसलमेर सहित अनेक जिलों में बादलों का डेरा है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राज्य में मानसून ट्रफ अनेक जिलों के ऊपर से निकल रही है। उत्तर-पूर्वी राजस्थान के ऊपर सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण के कारण अगले दो दिनों तक प्रदेशभर में बारिश का दौर जारी रहेगा। दक्षिणी और पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में भारी से अतिभारी वर्षा की संभावना जताई गई है। 25 जुलाई के बाद पश्चिमी राजस्थान में बारिश की तीव्रता कुछ कम हो सकती है। बुधवार को सर्वाधिक बारिश ब्यावर जिले के बदनोर क्षेत्र में दर्ज की गई, जहां 225 मिमी पानी बरसने से खेतों और खुले इलाकों में जलभराव हो गया। ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन भी प्रभावित हुआ। अजमेर, भीलवाड़ा और आसपास के इलाकों में भी 3 से 5 इंच तक बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा डूंगरपुर, बांसवाड़ा, नागौर, बूंदी, जोधपुर, जैसलमेर, बीकानेर, भरतपुर, अलवर और पाली के कई क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश हुई। खबर लिखे जाने तक थम थम कर बारिश का दौर जारी था।

