SAVE 20260708 203925 scaled बीकानेर : 35 हजार से अधिक कैन सीज, भ्रामक लेबल लगाने पर स्वास्थ्य विभाग का एक्शन Rajasthan News Portal राजस्थान
Share This News

Thar पोस्ट न्यूज। बीकानेर में कैफिनेटेड बेवरेज पर कार्रवाई: 35 हजार से अधिक कैन सीज, भ्रामक लेबल लगाने पर स्वास्थ्य विभाग का एक्शन, एनर्जी ड्रिंक’ लिखना भ्रामक प्रचार की श्रेणी में

बीकानेर। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण डॉ. टी. शुभमंगला तथा अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बीकानेर के निर्देशन में जिले के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा बुधवार को कानासर रोड स्थित करणी औद्योगिक क्षेत्र में मैसर्स श्री विनायक एंटरप्राइजेज पर निरीक्षण एवं नमूनीकरण की बड़ी कार्रवाई की गई। इस पूरी कार्रवाई को खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रवण कुमार वर्मा, भानु प्रताप सिंह, सुरेंद्र कुमार तथा राकेश गोदारा की टीम द्वारा अंजाम दिया गया।

कैंपा एनर्जी ड्रिंक का लिया नमूना, स्टॉक किया सीज
डॉ. पुखराज साध ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम द्वारा कैफिनेटेड बेवरेज ‘कैंपा एनर्जी’ का नमूना खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम (FSSAI एक्ट) के तहत लिया गया है। साथ ही, मौके पर मौजूद शेष 35,936 कैन को तुरंत प्रभाव से सीज कर दिया गया है।

लेबल पर ‘एनर्जी ड्रिंक’ लिखना भ्रामक प्रचार की श्रेणी में
डॉ. साध ने बताया कि भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) के नियमों के अनुसार कैफिनेटेड बेवरेजेस पर ‘स्टीमूलेट्स माइंड’, ‘एनरर्जाइज बॉडीज’, ‘एनर्जी ड्रिंक’ या ‘स्पोर्ट्स ड्रिंक’ जैसी शब्दावली का लेबल पर उल्लेख करना भ्रामक प्रचार की श्रेणी में आता है। गौरतलब है कि एफएसएसएआई द्वारा नामी बेवरेज ब्रांडों को इस संबंध में पहले ही नोटिस जारी कर जवाब मांगा जा चुका है। इसके साथ ही आयुक्त खाद्य सुरक्षा ने सभी ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म को भी इस संबंध में जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

सेहत के लिए हो सकता है नुकसानदायक
विशेषज्ञों के अनुसार, इन ड्रिंक्स में कैफीन की मात्रा अत्यधिक होती है, जो गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं, बच्चों तथा कैफीन के प्रति संवेदनशील व्यक्तियों के स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकती है। विभाग द्वारा लिए गए नमूनों को जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला बीकानेर भिजवाया जाएगा और रिपोर्ट प्राप्त होने पर नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Share This News